जीरकपुर। चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए जीरकपुर थाना पुलिस ने ढकोली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह ने किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ स्क्रैप डीलरों की दुकानों पर चोरी का सामान बेचा जा रहा है। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र के 14 स्क्रैप डीलरों की दुकानों पर अचानक दबिश दी। टीम ने दुकानों में मौजूद पुराने सामान, मशीनरी, बाइक पार्ट्स और अन्य धातु सामग्री की गहराई से जांच की। सर्च अभियान करीब दो घंटे चला, लेकिन पुलिस को किसी भी दुकान से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।
हालांकि पुलिस ने सभी स्क्रैप डीलरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में चोरी का कोई भी सामान खरीदने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि स्क्रैप मार्केट चोरी के माल की खपत का बड़ा जरिया बन सकता है, इसलिए समय-समय पर ऐसे अभियान जरूरी हैं। उन्होंने डीलरों को निर्देश दिया कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध सामान बेचने आता है तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। पुलिस का यह कदम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संवाद