जीरकपुर। शिक्षा विभाग के सुपरिंटेंडेंट पर अपने ही स्टाफ की महिला से छेड़छाड़ करने के मामले में जीरकपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान शिक्षा विभाग के सुपरिंटेंडेंट राम लाल हंस के रूप में हुई है, जोकि अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि इस मामले में पहले वुमेन पुलिस स्टेशन पंचकूला द्वारा जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। जिन्होंने मामला जीरकपुर थाने के अधीन होने के चलते केस को यहां ट्रांसफर किया है।
हरियाणा की पीड़ित महिला ने बताया कि वह चंडीगढ़ में किराए पर रहती है। उसका पति आर्मी में है और वह शिक्षा विभाग दफ्तर में फोर्थ क्लास श्रेणी में काम करती है। बीते दिन उसे सुपरिंटेंडेंट राम लाल हंस ने आर्मी कैंटीन से सामान दिलाने को कहा था, लेकिन चंडीगढ़ वाली आर्मी कैंटीन बंद होने के चलते आरोपी ने उसे कहा कि जीरकपुर में भी एक कैंटीन है वह वहां से सामान ले आएंगे। यह बात कहकर पीड़िता सुपरिंटेंडेंट के साथ उसकी गाड़ी में जीरकपुर आ गई जहां कैंटीन बंद थी। वापस जाते समय आरोपी ने कहा कि उसका जीरकपुर में दफ्तर है और उसे वहां थोड़ा काम है। इसलिए उसे उसके साथ दफ्तर जाना होगा। बहाने से आरोपी पीड़िता को अपने दफ्तर ले गया जहां उसने छेड़छाड़ की। पीड़िता आरोपी को चकमा देकर वहां से भाग निकली और ऑटो पकड़कर दफ्तर पहुंची जहां उसने मामले संबंधी शिक्षा विभाग के डीईओ को शिकायत दी।