मोहाली। उपायुक्त आदित्य डाचलवाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की मासिक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए। लंबित उपयोगिता प्रमाण-पत्र जमा करवाने और विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को भी कहा गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में नवंबर तक वीबी-जी-राम-जी रोजगार योजना में 2.76 लाख मानव-दिवस सृजित हुए। जिले के 12 प्रस्तावित गांवों के पुस्तकालयों में से सात तैयार हो चुके हैं। सत्ताईस आंगनबाड़ी केंद्रों में से पच्चीस का काम पूरा हो चुका है। इसी तरह 89 ग्रामीण खेल मैदानों में से 75 भी तैयार हैं।
पांच उप-स्वास्थ्य केंद्र आम आदमी क्लीनिकों में बदले जा चुके हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 336 गांवों में से 244 को ओडीएफ प्लस एस्पायरिंग का दर्जा मिला। बाढ़ बचाव के लिए जिला खनिज फाउंडेशन निधि के 18 कार्य पूरे किए गए हैं। निर्माण कार्यों में खरड़ के सरकारी मॉडल स्कूल का 99 फीसदी काम पूरा हुआ है। लालड़ू के सी-पाइट भवन का 98 फीसदी और डेराबस्सी-बरवाला सड़क का 85 फीसदी काम भी पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 56 आम आदमी क्लीनिकों में 31 अक्तूबर तक 35.66 लाख से अधिक ओपीडी परामर्श और 17.69 लाख जांचें की गई हैं। बैठक में डीसी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल और जवाबदेही के साथ योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।