पंचकूला। सीएम अनाउंसमेंट की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सीएम अनाउंसमेंट के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक सेक्टर-1 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने विभाग के अनुसार एक-एक कर सीएम अनाउंसमेंट की प्रगति की समीक्षा की। जिले की कुल 160 सीएम अनाउंसमेंट में से 115 पूरी हो चुकी हैं, 16 प्रगति पर हैं जबकि 29 लंबित हैं। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिले के विकास के लिए विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि वह नियमित तौर पर सीएम अनाउंसमेंट की प्रगति की समीक्षा करेंगे ताकि विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाया जा सके।इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, डीडीपीओ विशाल पराशर, एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता एनके पायल, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता विकास राणा, बीडीपीओ मोरनी अंकुर, बीडीपीओ पिंजौर मारटीना महाजन, फायर ऑफिसर तरसेम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग आरू वशिष्ठ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ धमेंद्र, सिविल सर्जन ऑफिस से डाॅ. भावना सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।