गैंगस्टरों की सूचना पर पहुंची पुलिस पर युवकों ने बरसाईं गोलियां, हथियारों समेत तीन दबोचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वीआर पंजाब मॉल के पीछे स्थित गांव बल्लोमाजरा में गुरुवार रात उस समय दहशत मच गई, जब गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक घर में दबिश दी। वहीं घर में किराए पर रह रहे युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। करीब आधा से पौना घंटे तक आमने-सामने गोलियां चलती रहीं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दावा किया कि तीन आरोपी पकड़े गए हैं, जिनकी पहचान सुखदीप सिंह, रमनदीप सिंह व गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से प्वाइंट 32 व प्वाइंट 12 बोर की दो पिस्तौल व कुछ कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक स्कोडा कार भी कब्जे में ली है। आरोपियों पर पुुलिस ने आईपीसी की धारा 307, 353, 34 व आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। पता किया जा रहा है कि इनका संबंध किसी गैंग से तो नहीं है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बल्लोमाजरा में कुछ युवक हथियारों के साथ देखे गए हैं। करीब आठ बजे पुलिस की टीम मौके पर गई। तीन मंजिला एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वालों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ऊपरी मंजिल पर स्थित रूम नंबर चार के सामने पहुंची। पुलिस ने जैसे ही दरवाजा खटखटाया अंदर से आरोपियों ने गोलियां चला दीं।
पूरा गांव सील किसी को नहीं जाने दिया गया
इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। तत्काल मोर्चा लेते हुए पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। कुछ ही देर में बलौंगी थाने व सीआईए की टीमें पहुंच गईं। इसके बाद पुलिस और बदमाशों में आमने सामने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग हुई। करीब पौने घंटे बाद पुलिस किसी तरह दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसी और तीन युवकों को कब्जे में ले लिया। हालांकि सूत्रों का कहना है कि कमरे में एक महिला भी थी, उसे भी पुलिस साथ ले गई है।
जानकारी के मुताबिक जैसे ही यह मामला हुआ, उसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया। वहीं, घटना स्थल की तरफ किसी को जाने नहीं दिया जा रहा था। सख्ती से गांव के लोगों से पड़ताल की जा रही थी। इस दौरान पूछताछ के लिए ग्राउंड फ्लोर पर रहे लोगों को भी पुलिस ले गई।
मकान सील, लिफाफों में ले गई सामान
पुलिस ने सारे घर को सील कर दिया है। जिस कमरे से आरोपी पकड़े गए हैं। वहां पर पुलिस ने अपने ताले लगा दिए हैं। इसके अलावा पुलिस मौके से लिफाफों में संदिग्ध सामान लेकर गई। गोलियों से मकान के शीशे और दीवारें छलनी हो गई थीं। इसके निशान साफ दिख रहे थे।