{"_id":"6788e240a02f8eec820bcf14","slug":"woman-dies-during-treatment-in-hospital-family-creates-ruckus-in-ludhiana-2025-01-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab: पीते की पत्थरी का ऑपरेशन, कुछ देर बाद महिला की मौत, बेटा बोला- मां को इलाज के लिए लाया था शहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Punjab: पीते की पत्थरी का ऑपरेशन, कुछ देर बाद महिला की मौत, बेटा बोला- मां को इलाज के लिए लाया था शहर
Thu, 16 Jan 2025 04:11 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Thu, 16 Jan 2025 04:11 PM IST
सार
लुधियाना के एक निजी अस्पताल में महिला के पीते की पत्थरी का ऑपरेशन किया गया। कुछ देर बाद ही महिला की मौत हो गई। परिवार ने हॉस्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
Dead body demo
- फोटो : istock
विस्तार
पंजाब के लुधियाना में निजी अस्पताल में महिला का पीते की पत्थरी का ऑपरेशन करने के बाद उसकी मौत हो गई। लुधियाना के बाबा थान सिंह चौक के पास स्थित अरोड़ा नर्सिंग होम में महिला का ऑपरेशन किया गया। वीरवार सुबह अस्पताल में उस समय हंगामा हो गया जब अस्पताल में दाखिल महिला की मौत हो गई। महिला कीर्ति की मौत के बाद उसके परिवार वालों ने वहां हंगामा कर दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि ऑपरेशन सही हुआ था, लेकिन डॉक्टरों और स्टाफ की तरफ से सही ढंग से देखभाल न करने के कारण मरीज की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन तीन की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद कीर्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिवार को आश्वासन दिया कि डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जो सच्चाई होगी सामने आ जाएगी।
विज्ञापन
मृतक कीर्ति के बेटे लाल बहादुर ने कहा कि वह जनकपुरी गली में रहता है। महिला के पीते में पत्थरी थी। इसलिए वह उसे गांव से शहर लाया था। महिला को उसने अरोड़ा नर्सिंग होम में ऑपरेशन के लिए भर्ती करवाया था।
विज्ञापन
ऑपरेशन से पहले बढ़ गया बीपी
लाल बहादुर ने कहा कि ऑपरेशन से पहले मां कीर्ति का बीपी बढ़ गया था। डॉक्टर ने कहा था कि ग्लूकोज चढ़ाने के बाद बीपी स्टेबल होने पर ऑपरेशन करेंगे। ऑपरेशन का कुल 35 हजार रुपये मांगे गए थे। उसने 10 हजार रुपये भी जमा करवा दिए थे। महिला का ऑपरेशन करने के बाद बुधवार-वीरवार रात 3 बजे की वह ठीक थी। कुछ देर बाद उसे भतीजी ने बताया कि महिला कोई मूवमेंट नहीं कर रही है। उन्होंने डॉक्टरों को तुरंत सूचित किया, लेकिन कोई डॉक्टर सुबह साढ़े 4 बजे देखने तक नहीं आया।
क्या कहते हैं अस्पताल प्रबंधक
उधर, इस मामले में अरोड़ा नर्सिंग होम के मालिक डॉक्टर डीपी सिंह अरोड़ा ने कहा कि महिला का बुधवार शाम को ही ऑपरेशन सफलता पूर्वक हो गया था। किसी समय होता है जब मरीज की उम्र 50 साल से अधिक हो तो उसे साइलेंट अटैक आ जाता है। इस केस में पुलिस निष्पक्षता से जांच करे। हम पुलिस की हर जांच में सहयोग देंगे।
क्या कहती है पुलिस
थाना डिवीजन नंबर 3 के एसएचओ अमृतपाल शर्मा ने कहा कि महिला कीर्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया जाएगा। डॉक्टरों का बोर्ड जो भी रिपोर्ट देगा उसके मुताबिक अगली कार्रवाई की जाएगी।