लुधियाना। बिहार से गांजा लाकर महानगर सहित पंजाब के शहरों में सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों को थाना सदर की पुलिस ने ललतों कलां के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। बाइक सवार आरोपियों से पुलिस ने आठ किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार के जिला माताहारी स्थित गांव तरलोकी निवासी शेख शरीफ, मोहम्मद मासूम आलम और बिहार के जिला बेतिया निवासी गांव जोकटिया निवासी अमरे आलम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से गुजर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को रोका तो आरोपी फरार होने लगे थे। किसी तरह आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके कब्जे से आठ किलो गांजा बरामद किया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी बिहार के अलग-अलग इलाकों से गांजा की खेप लाकर सप्लाई करते हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी समय से नशा सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है कि वह किन लोगों को नशा सप्लाई करने के लिए जा रहे है।