पंजाब सरकार की तरफ से गांव धनांसू में तैयार की जा रही हाईटेक साइकिल वैली के लिए काम तेजी से चल रहा है। वीरवार को वित्तमंत्री मनप्रीत बादल एवं उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने सड़क निर्माण का नींव पत्थर रखा। यह सड़क साइकिल वैली को लुधियाना चंडीगढ़ रोड से सीधे कनेक्ट करेगी।
वित्तमंत्री मनप्रीत बादल ने बताया कि 8.27 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने पर 31.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 380 एकड़ जमीन में तैयार की जा रही साइकिल वैली पहली और अति आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। पंजाब सरकार की तरफ से इस योजना पर तीन सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना के शुरू होते पंजाब के विकास में तेजी आएगी। उम्मीद है पंजाब में 15 सौ करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस मौके पर एडिशनल प्रिंसिपल सक्रेटरी विन्नी महाजन, पंजाब लघु उद्योग चेयरमैन गुरप्रीत बस्सी, मैनेजिंग डॉयरेक्टर सी सिब्बन, डीसी प्रदीप कुमार अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।