पाक को पटखनी दे भारत ने जीता विश्व कप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व कप कबड्डी के श्ानिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को शिकस्त देकर लगातार चौथी बार अपनी बादशाहत कायम रखी।
लुधियाना के गुरु नानक देव स्टेडियम में देर रात तक चले समापन समारोह और रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 48-39 से हराया।
पंजाबियों के इस पारंपरिक खेल को देखने आए लोगों का उत्साह भी चरम पर था। खिताब विजेता के रूप में भारतीय टीम को दो करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार मिला।
पाकिस्तान की टीम को एक करोड़ रुपये दिए गए। तीसरे स्थान पर रही अमेरिका की टीम को 51 लाख रुपये दिए गए। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस मौके पर मुख्य अतिथि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री मोहम्मद शाहबाज शरीफ और उनके साथ आए शिष्टमंडल के सदस्य, पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पंजाब सरकार की कैबिनेट के सभी सदस्य और अभिनेता रणवीर सिंह भी मौजूद थे।
श्रेष्ठ खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार
टूर्नामेंट के महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ धावी राम बतेरी और सर्वश्रेष्ठ जाफी चुनी गईं अनु रानी को जलालाबाद कबड्डी एसोसिएशन की ओर से आल्टो कार पुरस्कार स्वरूप दी गईं। पुरुष वर्ग के सर्वश्रेष्ठ धावी और जाफी को एक-एक प्रीत ट्रैक्टर देने का ऐलान किया गया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच के दौरान हाफ टाइम तक भारतीय टीम 23-21 अंक के मामूली अंतर से आगे थी।
मैच की शुरुआत में पहला अंक पाकिस्तान ने बटोरा, जिसके बाद दोनों टीमों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए कड़ा संघर्ष किया। हॉफ टाइम के बाद भारतीय टीम ने आक्रमण तेज करते हुए पाकिस्तानी टीम पर दबाव बना लिया।
महिला वर्ग में भारतीय टीम को मिले एक करोड़ रुपये
कबड्डी विश्व कप के महिला वर्ग में पहले तीन स्थानों पर रही टीमों को समापन समारोह के दौरान पुरस्कार प्रदान किए गए। इस वर्ग का खिताब भी भारतीय महिलाओं ने जीता।
टीम को पुरस्कार स्वरूप एक करोड़ रुपये दिए गए। उप विजेता रही न्यूजीलैंड की टीम को 51 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रही डेनमार्क की टीम को 25 लाख रुपये दिए गए।