गोशा और दुगरी की जमानत पर एक जनवरी को होगी सुनवाई
लुधियाना। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर कालिख पोतने के मामले में दोनों आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई एक जनवरी को होगी। शुक्रवार को दोनों आरोपियों के वकीलों ने अदालत में जमानत अर्जी दायर की थी। बता दें कि 25 दिसंबर को सुबह शिरोमणि अकाली दल यूथ विंग के नेता गुरदीप गोशा और मीत पाल सिंह दुगरी ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर कालिख पोत दी थी। इस मामले में थाना सलेमटाबरी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते मंगलवार बाद दोपहर एक आरोपी गुरदीप गोशा को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दूसरे आरोपी मीत पाल सिंह दुगरी ने शिअद सीनियर नेता बिक्रम मजीठिया को साथ लेकर अदालत में सरेंडर किया था। अदालत ने उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। वीरवार शाम उन्हें दोबारा अदालत ने पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शुक्रवार को दोनों आरोपियों के वकील ने जमानत अर्जी दाखिल की थी, जिसकी सुनवाई शनिवार को रखी गई थी। गुरदीप गोशा के वकील गगनप्रीत सिंह ने बताया कि शनिवार को जमानत अर्जी पर बहस होनी थी, लेकिन पुलिस ने अदालत में मामले संबंधित पूरा रिकॉर्ड पेश नहीं किया। अब सुनवाई एक जनवरी को होगी।