फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Jalandhar News ›   bandh called by Dalit community begun in Ludhiana against desecration of Dr. Bhimrao Ambedkar statue

डाॅ. अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान: लुधियाना में हाईवे पर उतरा दलित समाज, जालंधर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी

Wed, 09 Sep 2026 11:38 AM IST
Nivedita संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना/जालंधर
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना/जालंधर Published by: Nivedita Updated Wed, 09 Sep 2026 11:38 AM IST
सार

बंद का नेतृत्व कर रहे दलित नेता और भाजपा के पूर्व पार्षद चौधरी यशपाल ने कहा कि लुधियाना में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने दुकानदारों और उद्योगपतियों से बंद को समर्थन देने की अपील की।

विज्ञापन
bandh called by Dalit community begun in Ludhiana against desecration of Dr. Bhimrao Ambedkar statue
लुधियाना में दलित समाज का बंद - फोटो : संवाद

विस्तार

डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान की घटना के विरोध में लुधियाना में दलित समाज का बंद शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने जालंधर बाईपास चौक पर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

विज्ञापन


अमृतसर और जालंधर की तरफ से लुधियाना होते हुए पटियाला, अंबाला, करनाल, पानीपत और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा असर झेलना पड़ रहा है। हाईवे की लेन बंद होने के बाद वाहनों की रफ्तार थमने लगी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
विज्ञापन




प्रदर्शनकारियों ने पहले सर्विस लेन में धरना दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे मुख्य हाईवे पर भी पहुंच गए। जालंधर और लुधियाना के बीच दोनों दिशाओं में जाने वाले यातायात की लेन प्रभावित होने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने बंद और प्रदर्शन को देखते हुए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दरअसल, मंगलवार को कुछ शरारती तत्वों द्वारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी की घटना सामने आई।  घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी और रात करीब साढ़े तीन घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से दलित समाज में रोष है।

दूध से किया प्रतिमा का अभिषेक
बुधवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर घटना पर रोष जताया। समाज के नेताओं ने कहा कि प्रतिमा के अपमान की घटना को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

बंद का नेतृत्व कर रहे दलित नेता और भाजपा के पूर्व पार्षद चौधरी यशपाल ने कहा कि लुधियाना में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने दुकानदारों और उद्योगपतियों से बंद को समर्थन देने की अपील की। साथ ही युवाओं से आग्रह किया कि प्रदर्शन के दौरान जरूरी सेवाओं और आम लोगों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा पैदा न की जाए।

प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि पर्याप्त निगरानी व्यवस्था होने से भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।

सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की तलाश
डीसीपी आलम विजय सिंह ने बताया कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर पुलिस की अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि बंद के मद्देनजर शहर में ट्रैफिक के रूट भी डायवर्ट किए गए हैं।

जालंधर में डीसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन
लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के साथ हुई कथित बेअदबी के विरोध में भारतीय मूल निवासी मुक्ति मोर्चा पंजाब के सदस्य डीसी जालंधर को मुख्यमंत्री के नाम शिकायत देने पहुंचे थे। डीसी से मिलने का समय नहीं मिला तो दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए और सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान नेताओं ने कहा कि अगर डीसी से जल्द मुलाजिमों की बात नहीं सुनेंगे तो बाहर सड़क जाम कर दी जाएगी, फिर हालात संभालने मुश्किल हो जाएंगे।

कांग्रेस का रोष मार्च 
लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ के विरोध में जालंधर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस की अगुवाई में भगवान वाल्मीकि चौक से डॉ. बीआर अंबेडकर चौक तक रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

जालंधर कांग्रेस के शहरी प्रधान राजिंदर बेरी ने कहा कि लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा से हुई घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि प्रतिमा से जुड़ी इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं और यह सातवीं घटना है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। राजिंदर बेरी ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस संघर्ष को और तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी हाईकमान से बातचीत कर जालंधर समेत पंजाब बंद का आह्वान किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस पार्षद शैरी चड्ढा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान की रचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश-दुनिया में उनका सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष किया। ऐसे में उनकी प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ की घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से दो दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी और पंजाब बंद की कॉल देने पर फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed