पहले कपास अब मूंग की फसल पर सफेद मक्खी का कहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले के विधानसभा हलका भुच्चो मंडी के गांव भुच्चो कलां के किसान राज सिंह ने शुक्रवार को सफेद मक्खी से प्रभावित 5 एकड़ और अवतार सिंह ने वीरवार को 6 एकड़ मूंग की फसल को ट्रैक्टर से रौंद दिया। किसानों का कहना था कि कृषि विभाग के अधिकारी सिर्फ खेतों के चक्कर काट कर वापस चले जाते हैं, वह सफेद मक्खी से प्रभावित किसानों से कोई बातचीत नहीं करते हैं।
कपास की फसल पर सफेद मक्खी के हमले के बाद कृषि विभाग ने किसानों को अपील की थी कि वह अपने खेतों में मूंग की फसल लगाएं। इसके बाद किसानों ने अपने खेतों में मूंग की फसल लगानी शुरू कर दी थी। अब सफेद मक्खी के हमले को रोकने में कृषि विभाग भी नाकाम दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की शह पर नकली बीज बाजारों में बेचे जा रहे हैं। इससे उनकी फसल तबाह हो रही है। लेकिन उन पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। किसानों का कहना था कि सफेद मक्खी उनकी फसल बर्बाद कर रही है और उन पर चढ़ा कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके चलते किसान खुदकुशियों के रास्ते पर है।
सरकार पीड़ित किसानों को दे मुआवजा और कर्ज माफ करे
किसान नेता बूटा सिंह और बलजीत सिंह ने सरकार से सफेद मक्खी के हमले से प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन पर चढे़ कर्ज को माफ करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को पंजाब के किसानों की तरफ ध्यान देने की जरूरत है ।
कृषि विभाग के अधिकारी नच्छतर सिंह ने कहा मूंग की फसल देरी से लगाने के चलते सफेद मक्खी की चपेट में आ रही है। किसानों को अपनी फसल पर समय पर स्प्रे करनी चाहिए।
कृषि मंत्री बोले, कौन कहता है सफेद मक्खी फसलों पर हमला कर रही
प्रदेश के विभिन्न जिलों में सफेद मक्खी का कहर फसलों पर लगातार जारी है। वहीं सूबे के कृषि यह मानने को तैयार ही नहीं है कि प्रदेश के खेतों में लगी फसल पर सफेद मक्खी का हमला होता है। जब उनसे सफेद मक्खी के हमले को रोकने के बारे में फोन पर बातचीत कर पूछा गया तो उन्होंने उल्टा सवाल कर दिया कि कौन कहता है कि सफेद मक्खी फसलों पर हमला कर रही है।
जब उनसे कहा गया कि अगर सफेद मक्खी नहीं है तो किसानों को मुआवजा किस लिए दिया जा रहा है, यह बात सुनकर कृषि मंत्री तोता सिंह ने फोन काट दिया। किसान नेता शिंगारा सिंह मान का कहना है कि सफेद मक्खी बडे़ स्तर पर मूंग की फसल को बर्बाद कर रही है। इस पर कृषि मंत्री तोता सिंह सफेद मक्खी के मामले से अनजान बने हैं। इससे साफ जाहिर है कि कृषि मंत्री को भी किसानों के प्रति हमदर्दी नहीं है।