लुधियाना। कोरोना महामारी की दूसरी लहर में एक बार फिर से डेरा राधा स्वामी लोगों की मदद के लिए आगे आया है। लुधियाना के हंबड़ा रोड और मुंडिया रोड स्थित सत्संग घरों को कोरोना केयर सेंटर में बदल दिया गया है। इन दोनों सेंटर पर 220 लोगों को भर्ती किया जा सकता है। शुक्रवार को सांसद रवनीत बिट्टू, विधायक संजय तलवार और डीसी वरिंदर शर्मा ने इस दोनों केयर सेंटर का उद्घाटन किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इन दोनों सेंटर पर लोगों को ऑक्सीजन की सुविधा देने के साथ अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। यहां बताते चले कि बीते साल कोरोना महामारी के दौरान सत्संग घर की तरफ से लंगर की सेवा की गई थी। वहीं यहां पर प्रवासियों को ठहरने के लिए व्यवस्था भी की गई थी।
सांसद रवनीत बिट्टू ने बताया कि प्रत्येक सेंटर पर 110 लोगों को भर्ती किया जा सकेगा। इसमें लेवल वन और टू के मरीजों को रखा जाएगा। प्रत्येक सेंटर पर 55 बेड महिलाओं और 55 बेड पुरुषों के लिए रखे गए हैं। इन दोनों सेंटर पर ऑक्सीजन की सुविधा होगी। वहीं विधायक संजय तलवार ने कहा कि कोरोना की इस महामारी को मिलकर हराया जा सकता है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते इन सेंटर को बनाया गया है। यहां पर लोगों को हर सुविधा दी जाएगी। डीसी वरिंदर शर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमितों के लिए बेड की कोई समस्या नहीं है। अभी तक प्रशासन को 835 ऑक्सीजन सिलिंडर दिए जा चुके हैं। अगर किसी व्यक्ति को कोरोना को कोई भी लक्षण दिखाई देता है, तो वह तुरंत अपना टेस्ट करवाए, जिला प्रशासन उसकी हर संभव मदद करेगा।