जंडियाला मोड़ पर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: यूट्यूबर मनी शॉकर और ड्राइवर गिरफ्तार, ऑस्ट्रिया-मेड पिस्टल बरामद
पुलिस के कड़े रुख को देखकर आरोपी मनी शॉकर डर गया और हाथ जोड़कर कहने लगा, "मुझसे गलती हो गई, मैं यूट्यूबर मनी शॉकर हूं।" पूछताछ में उसने कबूला कि जिस पिस्टल से उसने फायर किया वह अवैध था।
विस्तार
जालंधर के थाना सदर अंतर्गत उप-चौकी जंडियाला मोड़ पर शुक्रवार रात जांच के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। काले रंग की स्कॉर्पियो सवार प्रसिद्ध यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर ने पहचान पत्र मांगने पर ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर नरिंदर सिंह पर विदेशी पिस्टल से फायरिंग कर दी। पुलिस अधिकारी की सतर्कता से उनकी जान बच गई।
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी यूट्यूबर और उसके ड्राइवर को मौके पर ही दबोच लिया। शुक्रवार रात सीपी सतिंदर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत चौकी इंचार्ज नरिंदर सिंह अपनी टीम के साथ जंडियाला मोड़ पर तैनात थे। फगवाड़ा की तरफ से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो को टॉर्च की रोशनी देकर रोका गया। जब पुलिस ने चालक से ड्राइविंग लाइसेंस मांगा, तो उसने साफ इनकार कर दिया।
आधी रात को घूमने की वजह पूछने पर बगल की सीट पर बैठे यूट्यूबर मनी शॉकर से आईडी मांगी गई। जेब से पहचान पत्र निकालने के बहाने मनी शॉकर ने अचानक पिस्टल निकाल ली और सीधे पुलिस अधिकारी पर तान दी। जैसे ही मनी शॉकर ने पिस्टल तानी, चौकी इंचार्ज नरिंदर सिंह ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए हमलावर की दाईं बाजू पकड़कर जोर से झटका दी। इसी दौरान आरोपी ने ट्रिगर दबा दिया और दो राउंड फायर हो गए।
निशाना चूकने के कारण गोलियां पास ही स्थित राहुल राज स्पेशल नान ढाबा की दीवार में जा लगीं। पुलिस कर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी से हथियार छीना और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की प्राथमिक तलाशी में आरोपी के पास से अत्याधुनिक ऑस्ट्रिया-मेड ग्लॉक-19 पिस्टल बरामद हुई।
पिस्टल में तीन गोलियां लोड पाई गईं। घटनास्थल से पुलिस ने दो चली हुई गोलियों के खोल भी जब्त किए हैं।
पकड़े जाने पर गिड़गिड़ाया आरोपी
पुलिस के कड़े रुख को देखकर आरोपी मनी शॉकर डर गया और हाथ जोड़कर कहने लगा, "मुझसे गलती हो गई, मैं यूट्यूबर मनी शॉकर हूं।" पूछताछ में उसने कबूला कि आपराधिक मामले दर्ज होने के कारण उसे वैध (लाइसेंसी) हथियार नहीं मिल पा रहा था, इसलिए उसने आत्मरक्षा के नाम पर यह अवैध विदेशी हथियार ब्लैक मार्केट में खरीदा था। उसके साथ गिरफ्तार ड्राइवर दिलप्रीत सिं निवासी गांव धर्म सिंह वाला मोगा ने बताया कि वह मनी के वीडियो शूट करने से लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का काम संभालता है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 ग्लॉक-19 पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस, 2 खोल, स्कॉर्पियो गाड़ी, 4 मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपियों पर थाना सदर में इरादा-ए-कत्ल और असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले पर जब चौकी इंचार्ज नरिंदर मोहन से संपर्क किया गया, तो उन्होंने जांच जारी होने का हवाला देते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच और आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सत्ता पक्ष के एक वरिष्ठ नेता के साथ मनी शॉकर के सीधे संबंध बताए जा रहे हैं। यूट्यूबर होने के नाते वह पार्टी के कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने का काम करता था। आरोपी के मोबाइल खंगालने पर पता चला कि उसके तार कई बड़े गैंगस्टरों से जुड़े हैं। पुलिस को संदेह है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए फोटो शेयर कर अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल था। पुलिस ने आरोपी के चार मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि यह ग्लॉक पिस्टल कहां से खरीदी गई थी और इस पूरे गैंग में कौन-कौन शामिल हैं।