पंजाब: पठानकोट में बंदूक की नोक पर लूटी एक्सयूवी कार, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पंजाब के पठानकोट में संदिग्धों द्वारा एक कार लूट की वारदात सामने आई है। बंदूक की नोक पर रविवार देर रात को वारदात को अंजाम दिया गया जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
विस्तार
पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात में दो अज्ञात हथियारबंद आरोपियों ने बंदूक की नोक पर एक व्यक्ति से उसकी महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार छीन ली। यह घटना डाउनटाउन रेस्टोरेंट के पास हुई, जिसके बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर की पुलिस व खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील पठानकोट में हुई इस वारदात के मद्देनजर, पुलिस ने पठानकोट, गुरदासपुर से लेकर कठुआ, सांबा और जम्मू तक सभी प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी और सघन चेकिंग के निर्देश जारी किए हैं।
पंजाब नंबर की थी एसयूवी कार
पुलिस अलर्ट के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने पठानकोट से कठुआ की ओर जाते समय एक व्यक्ति को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार (नंबर पीबी35एए-9902, 2017 मॉडल डीजल कार) छीन ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के विभिन्न नाकों, पीसीआर टीमों और हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके परिणामस्वरूप, पंजाब से जम्मू तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने सभी नाकों पर तैनात कर्मचारियों को संदिग्ध वाहनों, विशेषकर सफेद रंग की एक्सयूवी की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। पीसीआर और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को भी लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करने के लिए कहा गया है।
आतंकी साजिश की आशंका और जांच
सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू से भी जांच कर रही हैं कि कहीं आरोपियों का किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी साजिश से संबंध तो नहीं है। पठानकोट जिला सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और यहां कई महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठान स्थित हैं। ऐसे में, बंदूक की नोक पर वाहन छीनने की घटना को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। कार मालिक के पठानकोट के सीमावर्ती क्षेत्र का निवासी होने की बात भी सामने आई है। इस घटना ने कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस के नाक तले हुई इस वारदात से सुरक्षा प्रबंधों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
कया बोले एसएसपी?
पठानकोट के एसएसपी मनप्रीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डाउनटाउन इलाके से बंदूक की नोक पर सफेद रंग की कार (नंबर पीबी35एए-9902) छीनी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, छीनी गई कार कठुआ की ओर नहीं गई, बल्कि उसे गुरदासपुर की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
