पंजाब में चरमराई कानून व्यवस्था : वेरका
डॉ. वेरका रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से खास बातचीत कर रहे थे। इस दौरान वे व्यापारी अनिल बिल्ला के पारिवारिक सदस्यों को सांत्वना देने के लिए उनके निवास भी गए। डॉ. वेरका ने कहा कि बीते एक माह में पंजाब में 30 हत्याएं हो चुकी हैं।
पंजाब में नशा, जमीन माफिया हावी हो चुका है। डिप्टी सीएम सुखबीर बादल से बात करो तो वह कहते हैं कि पंजाब को बदनाम किया जा रहा है। वेरका का कहना है कि वह पूरे पंजाब के हर जिले का दौरा कर रिपोर्ट तैयार करवा रहे हैं। इसके बाद यह रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपी जाएगी।
साथ ही मांग की जाएगी कि पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। डॉ. वेरका ने कहा कि पंजाब में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप में घोटाला हो चुका है, 5500 बच्चों को गलत दाखिला देकर संस्थानों ने पैसा हजम किया है। इस मामले में केंद्र पंजाब पर और पंजाब सरकार केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है।
वेरका ने कहा कि पंजाब सरकार 20 हजार दलितों को डिमोट करने की साजिश रच रही है। पंजाब सरकार ने दलितों के प्रोमोशन पर प्रतिबंध लगा रखा है, जो पहले समय में प्रमोट हो चुके हैं, उनको डिमोट करने की साजिश रची जा रही है।