{"_id":"690ccde7b0909ba961064610","slug":"swaranjit-singh-khalsa-becomes-mayor-in-america-father-parminder-pal-singh-khalsa-honored-in-jalandhar-2025-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमेरिका में पंजाब का डंका: बेटा US में मेयर बना, पिता का जालंधर में सम्मान, जानें स्वर्णजीत सिंह के बारे में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमेरिका में पंजाब का डंका: बेटा US में मेयर बना, पिता का जालंधर में सम्मान, जानें स्वर्णजीत सिंह के बारे में
Thu, 06 Nov 2025 10:03 PM IST
अंकेश ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Thu, 06 Nov 2025 10:03 PM IST
सार
अमेरिका के कनेक्टिकट शहर में हुए स्थानीय चुनाव में जालंधर के रहने वाले परमिंदर पाल खालसा के बेटे स्वर्णजीत सिंह खालसा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वह कनेक्टिकट के पहले सिख मेयर बने हैं।
विज्ञापन
परमिंदर पाल सिंह खालसा को सम्मानित करते सिख तालमेल कमेटी के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अमेरिका के नॉर्विच, कनेक्टिकट के पहले सिख मेयर बनकर जालंधर के सिख नेता परमिंदर पाल सिंह खालसा के पुत्र और अमृतधारी सरदार स्वर्णजीत सिंह खालसा ने पूरे विश्व में पंजाब और पूरे सिख समुदाय का नाम रोशन किया है। स्वर्णजीत सिंह खालसा के दादा स्वर्गीय इंद्रपाल सिंह खालसा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की धर्म प्रचार समिति के प्रमुख थे। उनका पूरा परिवार अमृतधारी और सिख धर्म के प्रति समर्पित है। स्वर्णजीत सिंह खालसा ने अपनी योग्यता से यह मुकाम हासिल किया है। उनके मेयर बनने पर उनके पिता परमिंदर पाल सिंह खालसा को सिख तालमेल कमेटी के सदस्यों ने उनके घर जाकर श्री साहिब और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
विज्ञापन
इस अवसर पर परमिंदर पाल सिंह खालसा ने कहा कि स्वर्णजीत सिंह खालसा का मेयर बनना गुरु साहिब की कृपा है और यह सिख पंथ के आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है। देश के बाहर सिख परंपराओं का पालन करने के गुण उन्हें अपने दादा-दादी से मिले हैं। उन्होंने सिख तालमेल कमेटी के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया और कहा कि जालंधर में सिख समुदाय की तरक्की के लिए कमेटी के सदस्यों द्वारा किए जा रहे प्रयास बेहद सराहनीय हैं।
विज्ञापन
कनेक्टिकट के पहले सिख मेयर बने स्वर्णजीत सिंह खालसा
अमेरिका के कनेक्टिकट शहर में हुए स्थानीय चुनाव में जालंधर के रहने वाले परमिंदर पाल खालसा के बेटे स्वर्णजीत सिंह खालसा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वह कनेक्टिकट के पहले सिख मेयर बने हैं। उन्होंने रिपब्लिकन मेयर पीटर नाइस्ट्रम की जगह अब नॉरविच शहर की कमान संभाल ली है। इससे सिख समुदाय में खुशी की लहर है। स्वर्णजीत ने 2458 वोट पाकर जीत हासिल की। उनके मुकाबले ट्रेसी गॉल्ड को 2250 और स्वतंत्र प्रत्याशी मार्शिया विल्बर को केवल 110 वोट मिले। स्वर्णजीत 2007 में रोजगार की तलाश में अमेरिका गए थे। 2021 में वह नॉरविच सिटी काउंसिल में चुने गए, जो कनेक्टिकट में किसी सिख समुदाय का पहला प्रतिनिधित्व था। अब 2025 में वह शहर के मेयर बन गए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान स्वर्णजीत ने स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखा जिनमें किफायती आवास, स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा, समुदाय में एकजुटता प्रमुख रहे। खालसा अब शहर के बुनियादी ढांचे और डाउनटाउन विकास को आगे बढ़ाने के लिए नगर विकास एजेंसी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
सिखों की तरक्की में मदद के लिए तैयार रहते हैं परमिंदर पाल सिंह
इस अवसर पर सिख तालमेल कमेटी के नेता तजिंदर सिंह परदेसी, हरपाल सिंह चड्ढा, हरप्रीत सिंह नीटू और रविंदर सिंह चीमा ने कहा कि परमिंदर पाल सिंह खालसा को सम्मानित करते हुए हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है। जहां स्वर्णजीत सिंह खालसा अमेरिका में मेयर बने हैं, वहीं परमिंदर पाल सिंह खालसा सिख धर्म और जरूरतमंद सिखों की तरक्की में मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और हां, यह सिख धर्म के लिए बहुत गर्व और गौरव की बात है। इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा अमनदीप सिंह बग्गा, रणजीत सिंह राज नगर, हरप्रीत सिंह रॉबिन और साहिब सिंह मौजूद थे।