Jalandhar: सीएम मान पहुंचे वेरका मिल्क प्लांट, नए प्लांट का किया उद्घाटन, वर्करों ने जताया विरोध
सीएम भगवंत मान ने कहा कि हमारी सरकार सहायक व्यवसायों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की कोशिश कर रही है। हम वेरका के माध्यम से पंजाब के उत्पादों को दुनिया भर में भेजने के लिए एक रोडमैप तैयार कर रहे हैं।
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में वेरका मिल्क प्लांट में जहां नई ऑटोमेटिक प्लांट मशीनरी का उद्घाटन किया, वहीं पर शहर के विकास कार्यों का भी अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने वेरका मॉडर्न प्लांट का उद्घाटन करते हुए कहा कि अब इसके उत्पाद पूरे विश्व में मिलेंगे। दिल्ली में भी वेरका का एक बड़ा सेंटर खोला जा रहा है।
इस अवसर पर मान वेरका मिल्क प्लांट से वर्चुअली जालंधर वेस्ट में नए सीनियर सेकेंडरी स्कूल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पांच करोड़ रुपये की लागत से 66 फुटी रोड को बनाने और स्ट्रीट लाइट का भी अनावरण किया। इस दौरान उनके साथ विधायक बलकार सिंह, शीतल अंगुराल, रमन अरोड़ा के अलावा आप की स्टेट सचिव राजविंदर कौर थियाड़ा भी मौजूद रहीं।
विदेश में भी है वेरका के उत्पादों की मांग
सीएम ने कहा कि वेरका के उत्पादों की हिमाचल समेत अन्य राज्यों में भी काफी मांग है। यहां तक कि विदेश में भी वेरका के उत्पादों की मांग हैं। जो भारतीय मूल के लोग विदेश में रहे हैं वह विशेष तौर पर वेरका के उत्पाद पर विश्वास करते हैं और विशेष तौर पर मंगवाते हैं। सिटी के वेरका मिल्क प्लांट में 84 करोड़ रुपये की लागत से नई ऑटोमेटिक मशीनरी स्थापित की गई है, जिसकी मंजूरी दो साल पहले मिल गई थी। वेरका मिल्क प्लांट की शुरुआत 1976 में 50 हजार लीटर दूध की क्षमता से की गई थी, जोकि आज तीन लाख लीटर रोजा की हैंडलिंग क्षमता पर है। दूध को गर्म-ठंडा कर बैक्टीरिया मुक्त करने वाली तकनीक को ऑटोमेटिक किया गया है।
यह भी पढ़ें: Operation Amritpal: अमृतपाल का एक और गनमैन गिरफ्तार, पुलिस ने NSA लगा भेजा डिब्रूगढ़ जेल
मिल्क प्लांट यूनियन के वर्करों ने जताया विरोध
वहीं सीएम मान के दौरे का वेरका मिल्क प्लांट यूनियन के वर्करों के द्वारा विरोध किया गया। उनका कहना है कि सरकार के कई मंत्रियों के साथ उन्होंने मीटिंग की है, पर फिर भी उनकी मांगें पूरी नहीं की जा रही इसी सिलसिले में वह सीधे मुख्यमंत्री से बात करेंगे। यूनियन के प्रदेश प्रधान पवन कुमार ने बताया कि इससे पहले भी वह कई मंत्रियों के साथ मीटिंग कर चुके हैं पर उनकी मांगें अभी तक मानी नहीं गई इसलिए वह शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और मुख्यमंत्री से मिल अपनी समस्या रखेंगे। लेकिन मुख्यमंत्री मुलाजिमों से नहीं मिल पाए। यूनियन ने 1 अप्रैल से पंजाब भर में जिस भी जगह मुख्यमंत्री जाएंगे उनके विरोध में काले झंडे दिखाएंगे। जालंधर के प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री को समस्याएं बताने के लिए पंजाब के 15 प्लांटों के सभी मुलाजिम जालंधर पहुंचे थे लेकिन मुख्यमंत्री हमारी समस्याएं सुनने नहीं आए।