Punjab Budget 2022: मान सरकार ने बढ़ाया शिक्षा और स्वास्थ्य का बजट, पंजाब ने बढ़ाए दिल्ली मॉडल की तरफ कदम
आम आदमी पार्टी ने शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार के नाम पर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था। आप नेताओं का कहना है कि पिछली सरकारों ने कभी सेहत व शिक्षा पर फोकस नहीं किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में आप सरकार बनने के बाद दिल्ली मॉडल को लागू करने की पूरी तैयारी चल रही है। सोमवार का बजट शिक्षा व सेहत पर फोकस रहा और 2022-23 के लिए शिक्षा का बजट 16 और स्वास्थ्य का 24 फीसदी बढ़ा दिया गया। पंजाब में सरकारी स्कूलों की खस्ता हालत का मुद्दा पंजाब चुनाव से पहले खूब उछला था और आप ने वादा किया था कि चुनाव के बाद पंजाब के स्कूल मॉडल बनेंगे। इसी तरह मोहल्ला क्लीनिक को आम आदमी पार्टी ने चुनावों में प्रचार के दौरान खूब भुनाया।
सेहत बजट को पिछले साल यानी 2021-22 के मुकाबले 23.80 फीसदी बढ़ाकर 4731 करोड़ किया गया है। इस साल के अंत तक 77 करोड़ से 117 मोहल्ला क्लीनिक बनेंगे। 75 इसी 15 अगस्त से काम करना शुरू कर देंगे। दो साल में पटियाला और फरीदकोट में सरकारी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे। 2027 तक तीन और ऐसे अस्पताल बनेंगे। दिल्ली की फरिश्ते स्कीम पंजाब में लागू होगी। जख्मी को अस्पताल ले जाने वाले को सरकार सम्मानित करेगी।
सरकारी स्कूलों में तैनात होंगे मैनेजर
सरकारी स्कूलों में मैनेजर नियुक्ति होंगे, जो स्कूल में सफाई, टॉयलेट, पेयजल, रंग-रोगन, पंखों की मरम्मत आदि काम देखेंगे। इससे पहले स्कूलों में रंग रोगन की व्यवस्था शिक्षक ही करते थे, जिससे शिक्षा प्रभावित होती थी। इसके लिए 123 करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं 30 करोड़ रुपये शिक्षकों की देश विदेश में ट्रेनिंग के लिए रखे गए हैं।
100 स्कूलों को स्कूल ऑफ एमिनेंस के तौर पर तैयार किया जाएगा। यह स्कूल प्री-प्राइमरी से 12वीं तक होंगे। डिजिटल क्लासरूम, उपकरणों से लैस लैब, वोकेशनल ट्रेनिंग के जरिए स्टूडेंट्स को वर्ल्ड लेवल के कंपीटिशन के लिए तैयार किया जाएगा। इस पर 200 करोड़ खर्च होंगे।
बनाए जाएंगे डिजिटल क्लासरूम
500 सरकारी स्कूलों में आधुनिक डिजिटल क्लासरूम बनाए जाएंगे। इस पर 40 करोड़ खर्च होंगे। 424 करोड़ से सरकारी स्कूलों का बुनियादी ढांचा अपग्रेड होगा। 23 करोड़ से सरकारी स्कूलों में पहली से 8वीं तक के सभी स्टूडेंट्स को यूनिफॉर्म दी जाएगी। 11वीं क्लास के बच्चे स्टार्टअप को लेकर अपने सुझाव दे सकेंगे। उन्हें 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए 50 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
यह तमाम स्कीमें व योजनाएं दिल्ली में चल रही हैं, जिनको पंजाब में लाया जा रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा व सेहत को मुख्य मुद्दे बनाकर चुनाव लड़ा था। आप की महिला विंग की प्रधान राजविंदर कौर थियाड़ा का कहना है कि शिक्षा व सेहत दोनों से पंजाब की रिवायती पार्टियों ने लोगों से दूर रखा हुआ था। पंजाब के अस्पतालों व स्कूलों की हालत दयनीय होती जा रही थी। यही कारण था कि शिक्षा माफिया हावी हो चुका था। पंजाब का पहला बजट माफिया की कमर तोड़ने जा रहा है। पंजाब के स्कूल व अस्पताल और मोहल्ला क्लनीकि पूरे देश में एक बेहतरीन उदाहरण होंगे।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा इंचार्ज मंगल सिंह बासी का कहना है कि पिछली सरकारों ने कभी सेहत व शिक्षा पर फोकस नहीं किया था। यह पहली बार है कि आप सरकार बनते ही शिक्षा व सेहत का बजट बढ़ाया गया है। 2022-23 के लिए शिक्षा का बजट 16% और सेहत का 24% बढ़ा दिया गया है। यही आम आदमी पार्टी का मुख्य एजेंडा व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का मिशन है, जिसको पंजाब में पूरा किया जा रहा है।