टांडा। बेरिंग बनाने वाला कंपनी का मालिक अपने माल की कीमत तय कर सकता है लेकिन खून पसीने से हम लोगों के लिए अन्न उगाने वाला अन्नदाता किसान अपनी फसल की कीमत तय करने के लिए दूसरों पर निर्भर है। इसलिए किसानों की फसल का मूल्य निर्धारण करने के लिए एक आयोग बनना चाहिए। ये बातें नगर में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कारगार/जेल एवं लोक सेवा प्रबंध जय कुमार जैकी ने कहीं।
सोमवार को अपना दल (एस) के जिला महासचिव अब्दुल वकील एडवोकेट के बुलावे पर टांडा आए राज्यमंत्री कारगार/जेल एवं लोक सेवा प्रबंध, जय कुमार जैकी का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया गया। रामपुर रोड स्थित बिजलीघर से सैकड़ों गाड़ियों से जुलूस के साथ नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए राज्यमंत्री नगर पालिका के मोहल्ला मस्जिद कोहना में बनाए गए बरातघर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने कहा कि हमारे देश में जनता बीते 70 वर्ष से सिर्फ भाषण सुन रही है लेकिन अपना दल (एस) के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्या को सुनकर उनका निस्तारण करने का प्रयास करते है। साथ ही हमारी सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं ऑनलाइन है जिसके कारण बहुत से लोग उससे वंचित रह जाते है। इसलिए जल्द ही अपना दल (एस) जगह जगह कैंप लगाकर लोगों की समस्या सुनकर उनका निस्तारण करने का कार्य करेगी। वहीं उन्होंने आते हुए लालपुर के पुल की दशा देखी है। अगर ये पुल टूटने से पहले उसके स्थान पर नया पुल बनवा दिया जाता तो ये दिक्कत नहीं आती लेकिन अब किसी की भी गलती हो वो लखनऊ वापस पहुंच कर जल्द से जल्द पुल का निर्माण कार्य पीडब्लूडी मंत्री केशव कुमार मौर्या से शुरू करवाने का प्रयास करेंगे। उससे पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी घनवीर सिंह संधू ने कहा की भाजपा के लगातार पांच बार चुनाव हारने के बाद अब उनकी पार्टी अपना स्थानीय प्रत्याशी स्वार टांडा विधानसभा से उतारने का प्रयास करेगी और वो मोहम्मद वकील को टिकट दिलाने का प्रयास करेंगे। कमाल आरा ने कहा की नगर में बिजली कटौती की भारी दिक्कत है जिससे सरकार का नाम खराब हो रहा है। वही बिजली विभाग के एसडीओ और जेई का तबादला किया जाए। उसे अलावा नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दशा में सुधार किया जाए। इस दौरान शैलेश वर्मा, हाजी बाबू, हाफिज सनाउर्रहमान, हाफिज उमर, अहमद नबी, सईद सागर, हाजी लियाकत आदि समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।