मतदान के दौरान वारदात: अमृतसर में दो युवकों की तेजधार हथियार से हत्या, गुरदासपुर में सिर पर रॉड मारकर पुजारी का कत्ल
थाना घुम्मन कलां ने पुजारी का कत्ल करने के आरोपी बलविंदर सिंह को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पुजारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद माझा में हत्या की दो वारदात से हड़कंप मच गया। अमृतसर में जहां थाने से कुछ दूरी पर दो युवकों को मार दिया गया वहीं डेरा बाबा नानक के गांव भोजराज में रविदास मंदिर के पुजारी की रॉड मारकर हत्या कर दी गई।
अमृतसर शहर में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। इसके बावजूद रविवार सुबह कुछ अज्ञात हमलावरों ने शहर के बीचों-बीच चित्रा टाकीज चौक के पास दो युवकों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद युवकों की बाइक लेकर फरार हो गए। जख्मी युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
सुबह करीब सवा चार बजे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक बाजार काठियां वाला का रिषभ तथा बंबे वाला खूह का रहने वाला जगदीश नैय्यर मांगू और दीक्षित रविवार सुबह करीब सवा चार बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की तरफ लौट रहे थे। इस दौरान चित्रा टाकीज के पास तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनसे बहस करने लगे। हमलावरों ने पहले रिषभ पर तेजधार से हमला किया और इसके बाद आरोपियों ने उसके दोस्त जगदीश नैयर पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
हमले के शिकार रिषभ के दोस्त बंबे वाला खूह के रहने वाले दीक्षित ने बताया कि वे तीनों मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। रिषभ चित्रा टाकीज के पास बाथरूम करने के लिए रुका। इस दौरान वहां से निकल रहे 3 अज्ञात युवकों ने रिषभ के साथ मारपीट करते हुए तेजधार हथियार से हमला किया। रिषभ को बचाने आगे बढ़े जगदीश पर भी हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। दोनों पर हमला करने के बाद आरोपी उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। इसके बाद उसने अपने अन्य दोस्तों को बुला कर दोनों जख्मियों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामबाग थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आस-पास के इलाके से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और घटना में मारे गए दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को दे दिए हैं।
गुरदासपुर में रविदास मंदिर के पुजारी की हत्या
गुरदासपुर के विधानसभा हलका डेरा बाबा नानक के अधीन आते गांव भोजराज में रविदास मंदिर के पुजारी थूड़ा राम की रविवार सुबह करीब छह बजे अज्ञात व्यक्ति ने सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। वारदात से नाराज लोगों ने वोटिंग का बहिष्कार कर दिया। सूचना मिलते ही जिला पुलिस गुरदासपुर के एसएसपी डॉ. नानक सिंह और डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इशफाक घटनास्थल पर पहुंचे।मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने वोटिंग का काम जारी रखने के लिए कहा, लेकिन लोगों ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो एक महिला सामने आई, जो घटना की चश्मदीद थी। इबाद पुलिस ने हत्या करने के आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
करीब तीन घंटे वोटिंग का काम दोबारा शुरू किया गया। गांव की महिला संतोष कुमारी ने बताया कि जब वह रोजाना की तरह मंदिर में माथा टेकने के लिए गई तो पुजारी मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे थे। गांव के नौजवान बलविंदर सिंह ने पुजारी के सिर पर लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। घटना को देखकर वह सहम गई। बाद में उसने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को पूरी जानकारी दी।
थाना घुम्मन कलां ने पुजारी का कत्ल करने के आरोपी बलविंदर सिंह को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पुजारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेज दिया है। जिला परिषद सदस्य सतपाल ने कहा कि पुजारी का कत्ल होने से रविदासी भाईचारे में शोक की लहर और दहशत का माहौल पाया जा रहा है। डीसी मोहम्मद इशफाक ने मृतक पुजारी के बेटे नरेश के साथ संवेदना जाते हुए नौकरी देने का विश्वास दिलाने के अलावा उसे एक लाख रुपये की राशि भेंट की।