पैसों के लेनदेन में हत्या: गुरदासपुर में डॉक्टर को बेरहमी से मार डाला, दुकान में बोरी के अंदर मिला शव
पंजाब के गुरदासपुर में पैसों के लेनदेन में एक डॉक्टर की हत्या कर दी गई। जिस व्यक्ति को पैसे देने थे उसी की दुकान में एक बोरी में डॉक्टर का शव मिला। पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कस्बा बहरामपुर में उधार के पैसों को लेकर एक डॉक्टर का बेरहमी से कत्ल करने का मामला सामने आया है। डॉक्टर के शव देनदार की दुकान से बोरी में बंधा हुआ बरामद हुआ है, जिसे डॉक्टर के परिजनों ने तलाश किया। वहीं पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी के बयान के आधार पर दुकान के मालिक एवं एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक डॉक्टर की पहचान मोहित नंदा (39) के रुप में हुई।
पुलिस को दिए गए बयान में मोहित नंदा की पत्नी पूनम नंदा ने बताया कि उसका पति बीएएमएस डॉक्टर था और बहरामपुर में क्लीनिक चलाने के साथ-साथ मार्केट में लोगों को पैसे भी उधार देता था।
मोहित से लक्की बूट शाप के मालिक लखविंदर पाल उर्फ लक्की पुत्र जोगिंदर पाल ने पैसे उधार ले रखे थे। जिसका वह रोजाना पांच सौ रुपये किश्त देता था। पूनम के अनुसार उसकी पति से गुरुवार शाम साढ़े 6 बजे बात हुई तो मोहित ने बताया कि वह लक्की की दुकान पर पैसों की किश्त लेने आया हुआ है।
पूनम नंदा ने बताया कि मोहित रात 9 बजे क्लीनिक बंद कर घर आ जाता था, परंतु गुरुवार देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। करीब साढ़े 9 बजे मोहित को फोन करने पर फोन बंद था। उसके सास-ससुर हैदराबाद गए होने के कारण वह अपने चाचा ससुर युवराज नंदा के साथ क्लीनिक पर पहुंची तो क्लीनिक खुला था और मोहित गायब था। दुकान के पास खड़े लखविंदर पाल उर्फ लक्की और अमन निवासी पसियाल से पूछने पर वह बिना कोई जवाब दिए बहरामपुर अड्डे की तरफ निकल गए। वह देर रात तक मोहित की तलाश करते रहे।
करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने देखा कि लक्की की दुकान के अंदर लाइट जल रही थी जबकि शटर पर ताला नहीं लगा था। उन्होंने शक के आधार पर शटर उठा कर अंदर देखा तो प्लास्टिक की एक बोरी में एक किसी का शव बांधा हुआ था और फर्श पर काफी खून फैला हुआ था। उन्होंने बोरी को खोल कर देखा तो उसमें उन्हें मोहित का शव मिला। जिसके सिर के पिछले हिस्से पर गहरा घाव था।
इसके अलावा मोहित के गले में रस्सी के निशान थे। शव के पास एक रस्सी पड़ी हुई थी। वहीं थाना बहरामपुर के प्रभारी मंदीप मल्होत्रा ने बताया कि पुलिस ने पूनम नंदा के बयान के आधार पर लखविंदर पाल उर्फ लक्की व अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।