Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   The 650th Birth Anniversary of Shri Guru Ravidas Ji

श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व: सीएम मान बोले- पंजाब सरकार कर रही भव्य आयोजन की तैयारी

Wed, 18 Nov 2026 09:59 AM IST
शाहिल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़ Published by: शाहिल शर्मा Updated Wed, 18 Nov 2026 09:59 AM IST
सार

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इन समागमों के लिए पूरी योजना और व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि दुनिया भर से आने वाली संगत पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ भाग ले सके।

विज्ञापन
The 650th Birth Anniversary of Shri Guru Ravidas Ji
सीएम भगवंत मान - फोटो : X @BhagwantMann

विस्तार

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि राज्य सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज का ऐतिहासिक 650वां प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाएगी। इस अवसर पर 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि महान गुरु जी की शाश्वत शिक्षाओं और क्रांतिकारी दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस ऐतिहासिक दिवस को राज्य स्तरीय समागम के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने इस अवसर को समाज को समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के दर्शन से पुनः जोड़ने का एक ऐतिहासिक अवसर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जी के 'बेगमपुरा' के संकल्प ने एक ऐसे समाज की परिकल्पना की थी जो भेदभाव, शोषण और असमानता से मुक्त हो, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिलें।
विज्ञापन


तीन दिवसीय समागमों की रूपरेखा
कार्यक्रमों की शुरुआत 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ से होगी। इसके बाद श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और दर्शन को दर्शाने वाली प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


5 दिसंबर को एक विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जिसके उपरांत श्री गुरु रविदास जी महाराज की वाणी पर विशेष कॉन्फ्रेंस, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो सहित अन्य गतिविधियां होंगी। तीन दिवसीय समागमों का समापन 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ होगा, जिसके बाद बेगमपुरा समागम, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

व्यापक प्रबंध और शोभा यात्राएं
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इन समागमों के लिए पूरी योजना और व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि दुनिया भर से आने वाली संगत पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ भाग ले सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संत समाज के मार्गदर्शन में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार विशाल शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। ये धार्मिक यात्राएं 3 दिसंबर को खुरालगढ़ में संपन्न होंगी और विभिन्न क्षेत्रों की संगतों को श्रद्धा भावना, भाईचारक साझेदारी और सामाजिक सद्भावना का संदेश देंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन शोभा यात्राओं के लिए पुख्ता प्रबंध, उचित सुविधाएं और सुचारू तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Trending Videos

साल भर चलने वाली गतिविधियां
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ये यादगार समागम केवल खुरालगढ़ तक ही सीमित नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए साल भर चलने वाली गतिविधियों की एक व्यापक श्रृंखला शुरू की है। इनमें सेमिनार, वर्कशॉप, विशेष कीर्तन समागम, स्कूल स्तरीय मुकाबले, 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग, 90 विधानसभा हलकों में ड्रोन शो, मैराथन, रक्तदान कैंप और पौधे लगाने के अभियान शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई पीढ़ी श्री गुरु रविदास जी महाराज के असाधारण योगदान और क्रांतिकारी दर्शन को समझ सके।

समानता और सामाजिक न्याय का संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज द्वारा दिया गया 'बेगमपुरा' का दर्शन समानता, स्वाभिमान, भाईचारे और हर तरह के भेदभाव से मुक्त समाज की शाश्वत सोच प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने मानवता को एक ऐसे समाज के लिए क्रांतिकारी मार्ग दिखाया जहां जाति, नस्ल या सामाजिक रुतबे के भेदभाव के बिना हर व्यक्ति को बराबर अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हों। उनकी शिक्षाएं आज के दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं और महान गुरु जी को सच्ची श्रद्धांजलि उनके दर्शन को जीवन में धारण कर एक समानता वाले समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 650वें प्रकाश पर्व को एक ऐतिहासिक और यादगार अवसर बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी, जो श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रति लोगों की सामूहिक आस्था, श्रद्धा और सम्मान को दर्शाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed