पति ने पत्नी की गला काटकर की हत्या, नशे के लिए पैसे न देने पर की वारदात
तरनतारन के गांव मरगिंदपुरा में नशे के लिए पैसे न देने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला काट डाला। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, खेमकरण के गांव मरगिंदपुरा निवासी गुरसाहिब सिंह साबा (40) का संदीप कौर (36) के साथ 15 वर्ष पहले विवाह हुआ था। दोनों के दो बेटे है। गुरसाहिब नशे का आदी था और नशे की पूर्ति के लिए उसने तीन एकड़ जमीन बेच डाली। इसके बाद गुरसाहिब के पिता बलदेव सिंह ने बाकी बची जमीन अपनी बहू संदीप कौर और उसके दो बच्चों के नाम कर दी।
गुरसाहिब संदीप से नशा करने लिए अक्सर पैसे मांगता था। उसने कई बार जमीन बेचने के लिए संदीप पर दबाव भी बनाया। जिससे घर में रोजाना झगड़ा होने लगा। रविवार सुबह गुरसाहिब ने फिर पैसे मांगे। संदीप कौर के मना करने पर वह भड़क गया और उसने पहले अपने 11 साल के बेटे सहजप्रीत सिंह को कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद तेजधार हथियार से संदीप की गला काटकर हत्या कर दी। थाना कच्चा-पक्का के प्रभारी सब इंस्पेक्टर हरनेक सिंह ने बताया कि मृतका के भाई हरजीत सिंह के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।