अमृतसर: दुबई से लाया 21 लाख का सोना, एयरपोर्ट पर पकड़ा गया यात्री, छिपाने का तरीका भी हैरतअंगेज
अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम ने 21 लाख रुपये का सोना बरामद किया है। यह सोना एक यात्री दुबई से छिपाकर ला रहा था। सोना जब्त कर आरोपी यात्री से पूछताछ की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम विभाग की एयर इंटेलीजेंस टीम ने दुबई से यहां पहुंचे एक यात्री से 21 लाख रुपये कीमत का सोना पकड़ा है। आरोपी अपने सूटकेस के निचले हिस्से में सोने को पेस्ट के रूप में छिपाकर लाया था। कस्टम अधिकारियों ने सोने को सील कर आरोपी से पूछताछ शुरू की।
जानकारी के मुताबिक यह यात्री बुधवार को दुबई से आई फ्लाइट (संख्या एसजी-711) से भारत पहुंचा था। इस फ्लाइट से आने वाले यात्रियों के सामान को जांच की खातिर कस्टम एरिया में लाया गया, जहां अधिकारियों ने एक-एक कर सामान की जांच शुरू की। इस दौरान एक यात्री पर संदेह होने पर उसे बाकी यात्रियों से अलग किया। उसके सामान की जांच की लेकिन अधिकारियों को कुछ नहीं मिला।
अधिकारियों ने उसके ट्राली बैग को खोला तो ट्राली के निचले हिस्से में सोने को पेस्ट के रूप में छिपाया गया था। जिसके अंदर 423 ग्राम सोना था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 21 लाख 21 हजार और 345 रुपये आंकी गई। इसके बाद अधिकारियों ने उसे काबू कर बरामद सोने को सील कर दिया और उससे पूछताछ की।
इससे पहले एयर इंटेलीजेंस की टीम ने तीन फरवरी को दुबई से भारत पहुंची तीन महिलाओं के कब्जे से तीन किलो सोना बरामद किया था, जिसकी कीमत दो करोड़ रुपये आंकी गई। उससे पहले एसजीआरडी एयरपोर्ट पर ही कस्टम ने अक्तूबर 2021 में एक किलो 600 ग्राम और नवंबर में 140 ग्राम सोना पकड़ा था।
61 हजार यूएस डॉलर के साथ एक काबू
स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार देर रात मानांवाला टोल प्लाजा के पास एक युवक को काबू कर उसके पास से 61 हजार यूएस डॉलर बरामद किए गए। युवक अमृतसर से प्राइवेट वोल्वो बस से दिल्ली में किसी को यह डॉलर देने जा रहा था। इसके तुरंत बाद ही एसएसटी और पंजाब पुलिस की टीम ने आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचित कर मनी एक्सचेंजर के मालिकों को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया।
जंडियाला के डीएसपी सुखविंदर पाल सिंह ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस की टुकड़ी और स्टेटिक सर्विलांस टीम के अधिकारियों ने मानांवाला टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी की थी। वाहनों और यात्रियों के सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान वहां पहुंची प्राइवेट वोल्वो बस की जांच के दौरान एक युवक के सामान के अंदर से 61 हजार यूएस डॉलर मिले।
डीएसपी सिंह ने बताया कि साजन नामक यह युवक इतनी बड़ी विदेशी मुद्रा ले जाने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। साजन नामक युवक ने इतना ही बताया कि उसके मालिकों ने उसे यह राशि दिल्ली ले जाने को कहा था। उन्होंने बताया कि इसके बाद युवक के मनी एक्सचेंजर मालिकों को बयान दर्ज कराने को बुलाया गया है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी गई है।