वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल में लगाई गई प्रदर्शनी में भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां प्रतिभा को सराहा तो वहीं हुनरमंद को आगे बढ़ने और जीवन में कुछ अलग करने का हौसला भी दिया। सभी स्टालों का संचालन महिलाएं कर रही थीं। कई ऐसे भी स्टाल थे, जिनका प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाएं घर की चौखट से पहली बार कदम बाहर निकाला था। ऐसी अद्भुत कलाकारी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देख कर हैरान रह गए और कह उठे 'वाह! बहुत बढ़िया'। देखें आगे की स्लाइड्स में...
तस्वीरें : घर की चौखट से बाहर आई महिलाओं का हुनर देख हैरान रह गए पीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदर्शनी में कुल 22 स्टॉल लगाए गए थे। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 17, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तीन और ह्यूमन वेलफेयर एसोसिएशन व नाबार्ड के सहयोग से दो स्टॉल लगाए गए थे। प्रधानमंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तो कुछ स्टॉलों में अंदर जाकर काम की बारीकियों को देखा और परखा। कई उत्पाद में उन्होंने रुचि दिखाई और सवाल-जवाब के दौरान उत्पाद में नयापन लाने की बात कही। बनारस, मिर्जापुर, चंदौली, गोरखपुर, बिजनौर, सहारनपुर, जालौन, झांसी, प्रतापगढ़, लखनऊ, प्रयागराज, सोनभद्र से शिल्पी आए थे। बनारस की पूजा प्रसाद सामग्री, सहारनपुर से मोदी जैकेट, बिजनौर के लकड़ी के खिलौनों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम श्रवण कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री को प्रदर्शनी के कई उत्पाद खासे पसंद आए।
अखबार की रद्दी बढ़ा रहे घर की शोभा
प्रदर्शनी में झांसी का एक स्टॉल लगाया गया था, जिसमें अखबार की रद्दी से तैयार एक से एक आकर्षक उत्पाद सजाए गए थे। यह गृह सज्जा के लिए इस्तेमाल में आने वाली वस्तुएं हैं। इनमें वॉल हैंगिंग से लेकर फ्लावर पॉट और मूर्तियां आदि शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस प्रतिभा से प्रभावित नजर आए। उन्होंने न केवल सभी उत्पादों को देखा बल्कि स्टॉल संचालक आकांक्षा ताम्रकार से इसे बनाने के बारे में भी पूछा और तारीफ की। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान भी इस प्रतिभा को सराहा।
विंध्यवासिनी धाम के निर्माल्य से तैयार होती हैं अगरबत्तियां
पीएम ने जय बजरंगी बली स्वयं सहायता समूह मिर्जापुर के स्टाल पर निर्माल्य से तैयार अगरबत्तियों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से इसे तैयार करने की विधि व इसकी बिक्री की जानकारी ली। समूह की सखियों ने बताया कि इसे विंध्याचल धाम से निकलने वाले फूल, माला से तैयार किया जाता है। स्टॉल पर गीता और जालपा देवी मौजूद रहीं।
सौर ऊर्जा को अन्य सुविधाओं से जोड़ें
प्रधानमंत्री ने गायत्री माता ग्राम संगठन समूह के स्टाल पर सौर ऊर्जा से जलने वाली टेबल लैंप को देखा। उन्होंने खुद ऑन-ऑफ कर उसे जांचा। पीएम ने कहा कि सौर ऊर्जा से खाना पकाने के छोटे उपकरण सहित अन्य विकल्पों के लिए भी आप लोग प्रयास करें। प्रतिभा सिंह, राजकुमारी, रीता, निशा, प्रतिभा आदि स्टॉल पर मौजूद रहीं।