काशी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि देव दीपावली के पावन अवसर पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लोगों के बीच में रहने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गलियारा और सारनाथ जाने का मौका मिलेगा। साथ ही, वाराणसी प्रयागराज के बीच सड़क चौड़ीकरण परियोजना का उद्घाटन करूंगा।
देव दीपावली पर संसदीय क्षेत्र की जनता के बीच रहने का मिलेगा सौभाग्य: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम-सीएम को भेंट करेंगे बनारसी साड़ी
दुनिया भर में विख्यात काशी की देव-दीपावली देखने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को शहर में रहेंगे। इस दौरान पीएम-सीएम को उपहार में देने के लिए लोहता के बुनकर गोपाल पटेल ने श्री राम जन्म भूमि मंदिर की आकृति वाली दो बनारसी साड़ी तैयार की है। बनारसी साड़ी के आंचल पर श्रीराम मंदिर की आकृति उकेरी गई है।
इसे डिजाइन सर्वेश पटेल और परिकल्पना अदीबा रफत ने किया है। इन दोनों साड़ियों को तैयार करने में लगभग तीन माह का समय लगा है। बेहद खूबसूरत साड़ियों में एक कॉटन-रेशम और दूसरा पूर्णतया रेशम से बनी है। इसमें गोल्डन, सिल्वर और कॉपर जरी का प्रयोग किया गया है।
रविवार को लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के कबीरचौरा स्थित कार्यालय पर साड़ी का विमोचन किया गया। प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस साड़ी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट करेंगे।
प्रधानमंत्री के कंधे पर सजेगा दस्तकारी हुनर का अंगवस्त्रम
देश-दुनिया में विख्यात देव दीपावली पर काशी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीया-बाती उकेरा हुआ दस्तकारी हुनर से तैयार खास अंगवस्त्रम भेंट किया जाएगा। एक तरफ देव-दीपावली से जुड़े हुए दीया-बाती तो दूसरी ओर प्रकाश पर्व भी उकेरा है। युवा शिल्पियों की ख्वाहिश है कि देव-दीपावली पर प्रधानमंत्री का स्वागत इसी अंगवस्त्रम के साथ स्वागत किया जाए।
पद्मश्री व जीआई विशेषज्ञ डॉ रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि लोहता की युवा शिल्पी आफरीन और यास्मीन ने अपने हुनर से रेशम के धागों को प्रयोग करते हुए 22 इंच और 72 इंच के साइज का यह पांच दीपक-बाती और देव दिपावली प्रकाश पर्व लिखा अंगवस्त्र 6 दिन के निरंतर लगन के साथ तैयार किया है। इसे जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है। महिला शिल्पियों का कहना है कि प्रधानमंत्री जब हम लोगों के लिए इतना कुछ कर रहे हैं तो हमें भी उत्साह है उनका अभिनंदन अपने हुनर से करने का।
अलकनंदा क्रूज में पर्यटकों की बुकिंग पर आज रहेगी रोक
देव दीपावली देखने रविवार को काशी की आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा में क्रूज का सफर करेंगे। इस दौरान अलकनंदा क्रूज में पर्यटकों की बुकिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रधानमंत्री अलकनंदा क्रूज पर सवार होकर राजघाट से रविदास घाट तक दीपोत्सव का नजारा देखेंगे। जिन पर्यटकों ने अपनी बुकिंग पूर्व में कराई थी उन्हें पूरा रिफंड भी कर दिया गया है।
क्रूज के निदेशक विकास मालवीय ने बताया कि यह सौभाग्य की बात है कि कूज में प्रधानमंत्री सवार होकर गंगा घाटों पर असंख्य दीपों से जगमग काशी की अद्भुत देव दीपावली देखेंगे। लिहाजा सोमवार को पर्यटकों की बुकिंग नहीं होगी।
प्रधानमंत्री भ्रमण कार्यक्रम तय होने के बाद से ही पर्यटकों की क्रूज बुकिंग पर रोक लगा दी गई थी। क्रूज का संचालन खिड़किया घाट से रामनगर तक होता है। प्रति पर्यटक 900 रुपये किराया होता है। गंगा घाट किनारे के अधिकतर होटल व गेस्ट हाउस संचालकों द्वारा पर्यटकों को अलकनंदा क्रूज से गंगा घाटों का भ्रमण कराया जाता है।