खुद ही को कर बुलंद इतना कि खुदा भी तुझसे पूछे बता तेरी रजा क्या है... ये पंक्तियां शहर के युवाओं पर सटीक बैठती हैं। इन्होंने अपनी लगन और मेहनत से कामयाबी हासिल की है। सफलता पाने का जज्बा अगर दिल में हो तो मुश्किलेें भी घुटने टेक देती हैं। किसी भी काम से अगर लगाव सच्चा है तो उसके हासिल करने की संभावना दोगुनी हो जाती है। वैलेंटाइन वीक में जहां युवा अपने प्यार से हमेशा साथ निभाने का वादा करते हैं, तो इन युवाओं ने मुकाम को पाने का वादा खुद से किया। इसे बखूबी निभाया भी।
वैलेंटाइन वीक: इस मोहब्बत से नहीं मिला गम, कसमें, वादे न शर्त-उपहार, देखें ऐसा भी होता है 'प्यार'
न रस्में थीं, न कसमें थीं
बिना वादों वाली मोहब्बत... न कोई शर्त न उपहार ऐसा भी होता है प्यार। साकेत की रहने वाली अंजली सांई रत्नम चित्रकार हैं। हाल में ही दिल्ली विवि में उनके चित्रों की प्रदर्शनी लगी है। वह कहती हैं वैलेंटाइन वीक चल रहा है तो कहूंगी मोहब्बत की राह में चलना संभल-संभलकर यहां जो भी आया गया हाथ मलकर। उन्होंने बताया कि मेरा सपना क्रिएटिव राइटर बनने का था। कुछ भी लिखती तो लोग मजाक उड़ाते थे, लेकिन मैं रुकी नहीं। अपने लेखन को शौक को बदस्तूर जारी रखा। कॉलेज मैगजीन के साथ नेशनल जर्नल में आर्टिकल छपा तो सभी ने मुझे सराहा। तब लगा कि मेरी मोहब्बत सफल हो गई।
हग डे पर सफलता के लिए संघर्ष को लगाएं गले
वैलेंटाइन वीक में आज हग डे है। प्रॉमिस डे पर अपनी जीत का वादा खुद से किया है तो आज इस जीत को पाने के लिए उससे जुड़े संघर्ष को गले लगाएं। सफलता की मंजिल संघर्ष से मिलती है। आज हग डे पर मेहनत को गले लगाएं, ताकि अपने मुकाम को पा सकें। 13 फरवरी को किस डे है।
इस मोहब्बत से नहीं मिला गम
शास्त्रीनगर निवासी अक्षय युवाओं को कैलीग्राफी सिखाते हैं, साथ ही लैंडस्केपर हैं। अक्षय कहते हैं चार साल पहले सोचा था कि अपनी रचनात्मकता को बढ़ाकर इसी दिशा में कॅरियर बनाऊंगा। जो सोचा उसे पूरा करने की राह मुश्किल थी, लेकिन नामुमकिन नहीं। दो साल पहले प्रॉमिस डे पर खुद से वादा किया कि अपने सपने को पूरा करूंगा। शायद सपने से प्यार करने का नतीजा है कि मैं आज सफल हो सका।
देखा एक ख्वाब तो चले सिलसिले
कॅरियर से मोहब्बत कर उसे सफलता के मुकाम पर पहुंचाया है आकृति ने। गंगानगर की रहने वाली आकृति विजुअल आर्टिस्ट हैं। अपनी पढ़ाई के साथ वह क्लासेस लेकर दूसरे छात्रों को विजुअल आर्ट का प्रशिक्षण भी देती हैं। वह कहती हैं पढ़ाई के साथ आय करने से जो संतुष्टि मिल रही है वो खुशी मुझे किसी से प्यार करके भी नहीं मिलती।