मेरठ में परतापुर पुलिस ने रविवार रात शताब्दी नगर में मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोच लिया। बदमाश का साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ की खास बात यह रही कि पुलिस की गोली पैर में लगने के बाद भी बदमाश ने फोटो खिंचने तक हाथ से तमंचा नहीं छोड़ा। फोटो सेशन होते ही तमंचा जमीन पर पड़ा मिला। देखें तस्वीरें: -
ये कैसी मुठभेड़: पैर में गोली, हाथ में तमंचा, एनकाउंटर के बाद कुछ ऐसे हुआ बदमाश का फोटो सेशन
इंस्पेक्टर परतापुर सुभाष अत्री के अनुसार रिठानी चौकी पर चेकिंग के दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया तो वह स्कूटी लेकर भाग निकले। पीछा करने पर बदमाशों को शताब्दीनगर के लाल क्वार्टर इलाके में घेर लिया गया। इस दौरान दोनों बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में एक गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी और वह घायल हो गया। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। मौके से बदमाशों की स्कूटी और 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया गया।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम फुल्लू उर्फ महबूब पुत्र मकसूद निवासी ग्राम कांशी परतापुर बताया है। जिस पर गोकशी समेत 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गोकशी की चार घटनाओं में वांछित था, जिस पर 25 हजार का इनाम था। फरार बदमाश बबलू है, जिसकी तलाश की जा रही है।
जमीन पर गिरने के बाद भी हाथ में तमंचा
मुठभेड़ के बाद दो फोटो सामने आए। इनमें एक फोटो में बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगती है और वह जमीन पर गिरा मिलता है। लेकिन ताज्जुब है कि गिरने के बावजूद उसके हाथ में तमंचा मौजूद है। जैसे मुठभेड़ लाइव चल रही हो। दूसरी फोटो में बदमाश गायब है और तमंचा जमीन पर गिरा है। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी मुठभेड़ स्थल का जायजा लेते दिखाई दे रहे हैं।