भरणी नक्षत्र सर्वार्थ सिद्धि योग के दुर्लभ संयोग में मुरली वाले का जन्म मंगलवार मध्य रात्रि में हुआ। घड़ी का कांटा 12 पर पहुंचा तो बाल गोपाल के स्वागत के लिए पूरा शहर आकर्षक विद्युत साज सज्जा से जगमगा रहा था। जब भगवान का जन्म हुआ तब हर घर मंदिर में नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की..., हाथी घोड़ा पालकी... और वृंशभान नंदिनी के गीत और जयकारे गूंज रहे थे।
बाजी बधाई, घर-घर जन्मे कृष्ण कन्हाई, खुशी में झूम उठे श्रद्धालु, रोशनी से नहाए कृष्ण मंदिर
दुर्लभ संयोग में हुआ कृष्ण जन्म
अष्टमी तिथि 11 अगस्त मंगलवार को सुबह 9:06 मिनट पर आरंभ हो गई। यह तिथि 12 अगस्त सुबह 11:16 मिनट तक रहेगी। स्मार्थ गृहस्थियों ने मंगलवार को व्रत पूजन किया, जबकि वैष्णव आज बुधवार को व्रत पूजन कर कन्हैया का जन्मोत्सव मनाएंगे।
बाबा औघड़नाथ राधा-गोविंद मंदिर रहा आकर्षण का केंद्र
सूर्य अस्त होते ही बाबा औघड़नाथ मंदिर के बाहर कार, मोटरसाइकिलों और पैदल भक्तों का आगमन शुरू हो गया। मंदिर को चार प्रकार की रंगीन रोशनी से सजाया गया था। राधा-कृष्ण की वृंदावन से मंगाई गई पोशाक सभी भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। पंडित मनोज अभिषेक ने पूजन का कार्य रात्रि 11:43 पर आरंभ कर दिया।
मंदिर में भगवान का भव्य फूल बंगला सजाया गया था। आरती के बाद मंदिर के बाहर मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप सेब और पेड़े के प्रसाद के साथ चरणामृत बांटा गया। इस दौरान महामंत्री सतीश सिंघल, अध्यक्ष डॉ. महेश बंसल, अतुल अग्रवाल, अनिल सिंघल, अमित अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, दिनेश आदि का सहयोग रहा।
घरों और मंदिरों में हुआ धार्मिक अनुष्ठान
कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर घरों और मंदिरों में गोपाल सहस्त्रनाम, मंत्र, जाप और श्रीमद्भागवत कथा के ऑनलाइन पाठ हुए। रात्रि में घरों और मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार व पूजा अर्चना हुई। मुरली, मुकुट और नए वस्त्रों से सुशोभित लड्डू गोपाल का स्वरूप देखते ही बनता था।
अर्ध रात्रि पर व्रत पारण से पूर्व घर के बने शुद्ध मिष्ठान से भगवान को भोग लगाया गया। रोली, चंदन, अक्षत, फल, धूप, दीप से पूजन हुआ। तुलसी, दूध, दही से भगवान का अभिषेक किया गया। शंखनाद व ढोल मंजीरों के स्वरों के बीच नंद लाला का जन्म हुआ। बहुत से लोगों ने पटाखे चलाकर खुशियां मनाई। पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर था।
मंदिरों में हुई पूजा, गूंजे घंटे घड़ियाल
अष्ट भैरव मंदिर में भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया। भक्तों ने लड्डू गोपाल को मंदिर की परिक्रमा कराई। शाम ढलते ही भजन व कीर्तन आरंभ हो गए। रात्रि में आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। यहां भावना शर्मा, राधा गोयल, निर्मल बंसल, अनु अग्रवाल, प्राची, दिव्या, शिखा, नेहा, राखी का सहयोग रहा।
गढ़ रोड स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में श्रीराधा-कृष्ण के विग्रहों का भव्य श्रृंगार हुआ। राधाकानंद ब्रह्मचारी महाराज ने भगवान के प्राकट्य उत्सव पर भागवत कथा के साथ अवतरण की कथा का वर्णन किया। इसे लाइव दिखाया गया और आरती और पूजन हुआ। श्रीकृष्ण मंदिर रजबन बड़ा बाजार में पंडित राजेश के सानिध्य में कीर्तन एवं प्रसाद वितरण हुआ। इस दौरान नरेश सिंह, अशोक, अमरनाथ, राजेश यादव, राकेश पांडेय, विजय प्रकाश आदि रहे।