प्रदूषण पर कैसे लगे रोक, एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम जलाए जा रहे कूड़े के ढेर, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला की टीम ने नौचंदी मैदान पहुंचकर इस मामले की पड़ताल की। यहां आसपास के लोगों ने बताया कि पिछले आठ दिनों से रोज रात के समय यहां कूड़े के ढेर में आग लगाई जा रही है। कूड़े से जहरीला धुआं उठता है, जिससे सांस लेते वक्त घुटन होती है।
लोगों ने बताया कि कूड़े के साथ पॉलीथिन, प्लास्टिक, काला तेल आदि जलाया जा रहा है जिस कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है। आरोप है कि वे कई बार इसकी शिकायत नगर निगम के अफसरों से कर चुके, लेकिन कार्रवाई करना तो दूर निगम अफसरों ने यहां आकर स्थिति देखने तक की जरूरत नहीं समझी। हालात देखकर लगता है जैसे नगर निगम अफसरों और कर्मचारियों को एनजीटी का भी डर नहीं है।
तत्कालीन कमिश्नर ने लगायी थी निगम अधिकारियों को फटकार
पूर्व कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल में नौचंदी मैदान का निरीक्षण किया था। उस समय भी यहां इसी प्रकार कूड़े के ढेर लगे थे। जिस पर डॉ. प्रभात कुमार ने नगरायुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और डिपो प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी कर दिए थे।
हालांकि निगम अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में नौचंदी मैदान में न तो कूड़ा डलेगा और न जलेगा, लेकिन कुछ समय बाद फिर से यहां वही स्थिति हो गई। अब दोबारा से यहां कूड़ा डंप कर उसमें आग लगाई जा रही है।
नौचंदी मैदान से कूड़ा नहीं उठता है, रोजाना इसमें आग लगाई जा रही है। नगर निगम अफसरों को एनजीटी के आदेश का भी डर नहीं। - मौलाना मौ. अख्तर
अफसर बेपरवाह बने हैं
एनजीटी ने कूड़ा जलाने पर रोक लगा रखी है, लेकिन यहां पर हर रोज कूड़े के साथ ही पॉलीथिन और प्लास्टिक जलायी जाती है। अफसर बेपरवाह बने हुए हैं। - अब्दुल कलाम
सांस लेना मुश्किल
जब कूड़े के ढेर में आग लगती है, तो धुएं के कारण सांस नहीं लिया जाता है। दमे के मरीजों के लिए तो यह जानलेवा साबित हो सकता है। -मौहम्मद शोएब
नौचंदी मैदान में रोज कूड़ा डाला जा रहा है, लेकिन उठता नहीं है। अब तो कूड़े में आग भी लगाई जाने लगी है। यह नगर निगम कर्मचारी ही कर रहे हैं। - मौहम्मद आबिद
स्वच्छता अभियान का मजाक बनाया
नौचंदी मैदान हमारी एतिहासिक धरोहर है। इसको संजोकर रखना चाहिए। नगर निगम स्वच्छता अभियान का मजाक बना रहा है। - शादाब सैफी
कहीं नहीं जल रहा कूड़ा
नौचंदी मैदान से प्रतिदिन कूड़ा उठवाया जाता हैं। कहीं पर भी कूड़ा नहीं जलाया जा रहा है। वहां पर कूड़ा डालने वाले भी लोग हैं। निगम कर्मचारी कूड़ा नहीं डालते हैं। - अरुण खरखौदिया, डिपो प्रभारी सूरजकुंड