मेरठ के टीपीनगर में नशा मुक्ति केंद्र में रोहित की हत्या करकेभागने वाले आरोपी संदीप व अनूप ने पूछताछ में कई राज खोल दिए। आरोपी संदीप ने पुलिस को बताया है कि उसे शक था कि उसकी पत्नी संपत्ति बेच सकती है, जिस वजह से वह नशा मुक्ति केंद्र से मुक्त होना चाहता था।
नशामुक्ति केंद्र में हत्या: रोहित के हत्यारों ने पुलिस पूछताछ में उगले बड़े राज, खौफनाक थी वारदात
टीपी नगर थानाक्षेत्र के शिवपुरम कॉलोनी में अवैध तरीके से चले रहे नशा मुक्ति केंद्र में रविवार को रोहित की हत्या उसके साथी संदीप और अनूप ने कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने आरोपी से पूछताछ की।
आरोपी संदीप ने बताया है कि वह 16 महीने से नशा मुक्ति केंद्र में था। उसे शक था कि उसकी पत्नी संपत्ति बेच सकती है, जिस वजह से वह नशा मुक्ति केंद्र से वापस घर लौटना चाहता था। जबकि परिवार के लोगों ने इलाज के नाम पर उसे जबरन वहां रोका हुआ था।
एक महीने पहले नशा मुक्ति केंद्र में परतापुर के कुंडा निवासी अनूप व टीपी नगर के शेखपुरा निवासी रोहित आ गए। संदीप ने दोनों साथियों को अपने परिवार की बात बताई और भागने की योजना के बारे में बताया।
अनूप ने उसकी बात मान ली, लेकिन रोहित योजना में शामिल नहीं हुआ और कहने लगा कि वह शिवम राजपूत (नशा मुक्ति केंद्र संचालक) को बता देगा। जिसके बाद संदीप ने अनूप के साथ मिलकर रोहित को मारकर वहां से भागने की योजना बनाई।
परिवार से भी की पूछताछ
वारदात के बाद आरोपी संदीप अपने साथी अनूप को लेकर कंकरखेड़ा में पहुंच गया था। उसने अपने एक दोस्त से संपर्क साधा और मोबाइल लेकर कई जगह बात की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने संदीप के परिजनों को थाने बुलाया और पूछताछ की। परिजनों ने कहा कि संदीप नशे का आदी था, इसी वजह से पूरा इलाज कराने के लिए ही नशा मुक्ति केंद्र में रोका हुआ था।
जमानत में जो पैसा लगेगा मैं लगा दूंगा
पुलिस के अनुसार संदीप को नशा मुक्ति केंद्र में भेजने के बाद उसकी पत्नी संपत्ति बेचने में लग गई थी। उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी, यह दूसरी पत्नी है। पहली पत्नी से एक बेटी व दूसरी पत्नी से एक बेटा है। संदीप ने अनूप को चार लाख देने की बात कही थी। अनूप पहले हत्या के मामले में जेल काट चुका है। उसकी आर्थिक स्थिति खराब है।
फरार होते ही दोनों ने शराब पी और फिर एक रिश्तेदार के यहां पर जाकर धमकी दी। पत्नी ने संदीप के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में धमकी देने की तहरीर दी थी। संदीप ने कहा है कि दो करोड़ रुपये की प्रॉपटी मेरे हिस्से में आई है। जमानत में जो पैसा लगेगा, मै लगा दूंगा। दोनों दोस्त मौज करेंगे। अब उनकी दोस्ती जय-वीरू के नाम से जानी जाएगी। पुलिस के सामने भी वह एक दूसरे के गले में हाथ डालकर खड़े रहे।