श्रावण मास की शिवरात्रि पर सोमवार आधी रात से ही आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा औघड़नाथ मंदिर पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों और शिव भक्तों का तांता लग गया। जिधर देखो वहीं भगवा रंग नजर आ रहा है। मंदिर परिसर और आसपास का इलाका हर-हर महादेव और बोल बम बोल बम के उद्घोष से गूंज रहा है।
मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक को नंगे पांव दौड़ रहे श्रद्धालु
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आधी रात के बाद तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। मंदिर प्रशासन के अनुसार बीते साल त्रयोदशी और चतुर्दशी में करीब पांच लाख शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया था। उधर, शनि देव मंदिर वेस्ट एंड रोड और आसपास के प्रमुख मंदिरों में भी कांवड़ियों का हुजूम देखने को मिला।
गरुड़ द्वार से मिला भक्तों को प्रवेश
बाबा औघड़नाथ मंदिर में भगवान आशुतोष पर जलाभिषेक के लिए भक्तों को गरुड़ द्वार से प्रवेश दिया गया। महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगी हैं। शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। वहीं औघड़नाथ मंदिर परिसर ही नहीं बल्कि नैंसी चौराहा से एमएच अस्पताल तक, अन्नपूर्णा मंदिर मार्ग पर भक्तों की भीड़ लगी रही। सोमवार दोपहर से ही कांवड़िये यहां पहुंचने शुरू हो गए।
इन शिवालयों पर भी रही भीड़
बाबा औघडनाथ मंदिर ही नहीं बल्कि शहर के बिल्लवेश्वर नाथ महादेव मंदिर सदर, झाड़खंडी शिव मंदिर नगर निगम परिसर, नागेश्वर महादेव मंदिर दिल्ली रोड, बाबा मनोहरनाथ मंदिर सूरजकुंड, धर्मेश्वरनाथ महादेव मंदिर बुढ़ाना गेट पर भी शिवभक्तों की भीड़ रही। बम बम भोले के उदघोष के साथ जलाभिषेक किया गया। घंटे और घडियालों से मंदिर गूंज रहे हैं।
शिवालयों में हुए भव्य आयोजन
गढ़ रोड स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। उधर, लालकुर्ती स्थित रामसंकीर्तन मंदिर में शिव महापुराण का पाठ हुआ। सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहर नाथ मंदिर में गुरु मां निलिमानंद महाराज के सानिध्य में पूजन हुआ।
उधर, करीमनगर स्थित शिव मंदिर में महाआरती हुई। सुपरटेक स्थित शिव मंदिर में आचार्य कौशल वत्स ने विधि विधान से पूजन किया। गांधी आश्रम स्थित हनुमान मंदिर और शिव मंदिर सहित ब्रह्मपुरी स्थित शिव मंदिर में भी पूजन हुआ।