सिविल लाइन स्थित एडीएम कंपाउंड के पास 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर एक युवक पेट्रोल की बोतल और माइक लेकर चढ़ गया। दावा किया कि पांच माह से गौमाता सपने में आकर मदद की गुहार लगा रही है इसलिए वह गोवंशों की दुर्दशा से व्यथित हो उठा। आगे देखें पांच घंटे चले इस ड्रामे की कुछ तस्वीरें: -
युवक ने ऐलान कर दिया कि जब तक प्रशासन गोशाला में गोवंशों के लिए उचित प्रबंध नहीं करेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। करीब पांच घंटे तक चले हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद पुलिस ने पब्लिक की सहायता से उसे नीचे उतार लिया। कुछ लोगों ने उसे पीटा दिया। पुलिस ने इस आरोपी युवक जियाउल हक निवासी खुशहाल नगर लिसाड़ीगेट को गिरफ्तार कर लिया।
कूदने की देता रहा धमकी
युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना पर एएसपी कुलदीप सिंह, सीओ सिविल लाइन अखिलेश भदौरिया, एसीएम सिविल लाइन, एसएसआई धनप्रकाश दक्ष और कचहरी चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जियाउल हक को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। कभी वह टंकी से कूदने की धमकी देता तो कभी खुद को जलाने की। एक बार तो उसने टंकी पर चढ़े कुछ लोगों पर भी पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश की।
हाईकोर्ट बेंच की मांग का मुद्दा उठाया
जियाउल हक जब तक गौवंश रक्षा की बात कर रहा था, तब तक सभी की सहानुभूति उसके साथ दिखी। लेकिन जैसे ही उसने गौवंश का मुद्दा छोड़कर हाईकोर्ट बेंच की मांग उठाई तो लोग आक्रोशित होने लगे। उसका कहना था कि उसके कई केस चल रहे हैं। आए दिन कचहरी में हड़ताल रहती है, इस कारण उसके केस खत्म नहीं हो रहे हैं।