उत्तर प्रदेश के मेरठ में नगर निगम की नवनिर्वाचित पहली बोर्ड बैठक में जमकर बवाल हुआ। बसपा और भाजपा पार्षद आपस में भिड़ गए। इस दौरान पार्षदों के बीच जमकर लात-घूसे चले। वहीं भाजपाइयों ने वंदेमातरम, भारत माता की जय के नारे लगाए तो बसपा पार्षदों ने जय भीम के नारे लगाए। जबकि कुछ मुस्लिम पार्षदों ने अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाए। पाषर्द हंगामा करते समय सदन की गरिमा भी भूल गए। यानी कुर्सियां छोड़ मेज पर चढ़कर हंगामा करने लगे।
वंदे मातरम् पर बवाल, भाजपा-बसपा पार्षदों में चले जमकर लात-घूसे, देखें तस्वीरें
सदन में जहां राष्ट्र गीत पर राजनीति हुई। वहीं राष्ट्रगान का भी खूब अपमान किया गया। महापौर की मेज से भाजपाइयों ने माइक भी नीचे गिरा दिया। बसपा की महापौर के सामने भाजपाईयों की एक नहीं चली। महापौर ने भाजपा के पार्षदों को अपना कोई प्रस्ताव रखने का मौका ही नहीं दिया। जबकि बसपा की एक महिला पार्षद ने छह प्रस्ताव बोर्ड में रखे। हालांकि महापौर खेमे के अलावा किसी ने भी प्रस्तावों को सहमति नहीं दी। आनन फानन में राष्ट्रगान के बाद बोर्ड बैठक समाप्त कर दी गई। यानी पहली ही बोर्ड बैठक में शहर के विकास पर चर्चा होने की बजाय, राजनीति की भेंट चढ़कर रह गई। पहली ही बोर्ड बैठक में हंगामे की नींव रख दी गई।
टाउन हॉल के तिलक भवन में महापौर सुनीता वर्मा की अध्यक्षता और नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान के संचालन में परिचय बैठक की शुरूआत हुई। महापौर ने वंदेमातरम का कोई विरोध नहीं किया। लेकिन साउंड सिस्टम पर वंदेमातरम की धुन नहीं बल्कि फिल्मी गीतों की धुन बजने पर भाजपाइयों ने हंगामा कर दिया। साउंड सिस्टम पर वंदेमातरम की शुरूआत होने से पहले ही मुस्लिम पार्षद मौहम्मद कासिम, दिलशाद, हाजी सईद, गफ्फार, इरफान आदि सहित सभी पार्षद सदन से बाहर चले गए। जैसे ही भाजपाइयों ने साउंड सिस्टम पर वंदेमातरम का विरोध किया तो मुस्लिम पार्षद सदन में पहुंच गए और जय भीम, अल्लाह-हू-अकबर बोलने लगे। उधर से भाजपाइयों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
इस दौरान बसपा और भाजपा के सभी पार्षद आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। सदन में गालियों की भी बौछार हुई। महापौर को अपनी कुर्सी छोड़कर पीछे कमरे में जाना पड़ा। हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी, सीओ और कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर मामला संभाला। दोबारा से सदन में वंदेमातरम का गायन हुआ। बोर्ड बैठक में पार्षद विपिन जिंदल, राकेश शर्मा, नीरज ठाकुर, पूनम गुप्ता, प्रिया, अंशुल गुप्ता, संदीप रेवड़ी आदि सहित सभी पार्षद रहे।
महापौर बोली, परिचय के दौरान कोई प्रस्ताव नहीं
महापौर सुनीता वर्मा के निर्देश पर पार्षद और अधिकारियों का जैसे ही परिचय शुरू हुआ तो भाजपा पार्षद ललित नागदेव ने परिचय देने के साथ ही महापौर से शहर के विकास संबंधी प्रस्ताव रखने की अनुमति चाही। लेकिन महापौर ने परिचय के दौरान कोई अन्य प्रस्ताव पर चर्चा न करने की बात कहकर भाजपा पार्षद को बैठने की नसीहत दे दी। इसके उपरांत किसी भी पार्षद ने प्रस्ताव रखने की हिम्मत नहीं जुटाई।