कानपुरः एक विधायक की सुरक्षा में तैनात सिपाही ने शादी का झांसा देकर छात्रा का यौन शोषण किया। आरोप है कि गोद भराई के बाद मन मुताबिक दहेज न मिलने पर शादी से इंकार कर दिया। एसएसपी ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी सिपाही को सस्पेंड कर जांच के आधार पर रिपोर्ट और कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
बर्रा इलाके की रहने वाली युवती का आरोप है कि मूलरूप से झांसी के चिरगांव सिमथरी निवासी सतीश कुमार दीक्षित का बेटा दीपक पुलिस लाइन में तैनात था। वह इस समय एक विधायक की सुरक्षा में तैनात है। सितंबर 2016 में युवती के परिजनों ने दीपक से शादी का प्रस्ताव रखा। जिसके बाद दीपक का युवती के घर आना जाना शुरु हो गया था।
इस दौरान दीपक ने युवती से शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना कर अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक साल तक यौन शोषण करता रहा। आरोप है कि काफी मिन्नतों के बाद दीपक के परिजन सितंबर 2017 में तिलक के लिए राजी हो गए।
तिलक के बाद दीपक के परिजनों ने दहेज की रकम दुगनी कर दी। युवती के परिजनों द्वारा असमर्थता जताने पर दीपक ने शादी से इंकार कर दिया। फिर दीपक के परिजनों ने उसकी दूसरी शादी तय कर दी। पीड़िता ने इसकी शिकायत बुधवार को एसएसपी से की। एसएसपी ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी सिपाही को सस्पेंड कर दिया।