फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

फर्रुखाबाद: गंगा यात्रा का हुआ भव्य स्वागत, हवन-पूजन कर अविरल व निर्मल गंगा का लिया संकल्प

Thu, 30 Jan 2020 07:39 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद Published by: शिखा पांडेय Updated Thu, 30 Jan 2020 07:39 PM IST
विज्ञापन
Ganga yatra grand welcome in Farrukhabad up
फर्रुखाबाद में गंगा यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत - फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद में नमामि गंगे योजना के तहत निकाली गई गंगा यात्रा में रात को आरती व गुरुवार की सुबह हवन-पूजन कर मां भागीरथी को अविरल व निर्मल करने का संकल्प लिया गया। 21 हजार दीपों से सजाया गया आरती स्थल अद्भुत छटा बिखेर रहा था। घंटा-घड़ियाल के साथ मां गंगा की आरती की गई। सुुबह मां गंगा का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर गंगा स्वच्छता में सहयोग करने का संदेश दिया गया। 


गंगा यात्रा ने बुधवार की रात करीब 9.30 बजे के बाद जनपद की सीमा में प्रवेश किया। आगमन स्थल राजेपुर क्षेत्र के गांव गूजरपुर पमारान में स्वागत हुआ। इसके बाद यात्रा रात 11 बजे पांचालघाट स्थित मेला रामनगरिया के गंगा तट पर पहुंची। सीढ़ी नंबर तीन पर गंगा तट के किनारे आरती स्थल 21 हजार दीपों से सजाया गया।
Ganga yatra grand welcome in Farrukhabad up
गंगा यात्रा के दौरान हुआ हवन-पूजन - फोटो : अमर उजाला
दीपों से गंगा यात्रा फर्रुखाबाद लिखा गया तो तट झिलमिला उठा। करीब 11:30 बजे आरती हुई। आरती के बाद शामिल लोगों से गंगा स्वच्छता में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार सुबह गंगा पूजन का आयोजन किया गया।

हवन में मंत्रोच्चार के साथ गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग मंत्री कपिल देव अग्रवाल, नगर विकास शहरी समग्र विकास राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, जिला के प्रभारी व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग मंत्री बृजेश पाठक के अलावा विधायक सुशील शाक्य, नागेंद्र सिंह राठौर, अमर सिंह खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. अनिल मिश्र आदि आहुतियां डालीं। मां गंगा का दूध व जल से अभिषेक किया गया, इसके बाद शिव आरती की गई। आसन को प्रणाम करने के साथ मां गंगा के जयकारे के उद्घोष गूंज उठे। युगों-युगों का नाता है, गंगा हमारी माता है के जोरदार नारे लगाए गए। इसके साथ गंगा यात्रा ने विदाई लेकर प्रस्थान किया। 
Ganga yatra grand welcome in Farrukhabad up
फर्रुखाबाद में गंगा यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत - फोटो : अमर उजाला
गंगारथ में नहीं दिखी भागीरथी की तस्वीर 
गंगा को स्वच्छ, निर्मल व अविरल बनाने की अलख जगाने को गंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में शामिल रथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के चित्र के साथ गंगा स्वच्छता के नारे लिखे थे। हालांकि यात्रा के किसी भी रथ पर गंगा की तस्वीर नजर नहीं आई। 

स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण 
पांचालघाट से गंगा यात्रा प्रस्थान कर कमालगंज के लिए आगे बढ़ी। पांचालघाट चौराहे पर गंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा, वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना आदि ने कार से उतरकर स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। 

संतों ने हर-हर मोदी, हर-हर गंगे के लगाए नारे
पांचालघाट चौराहे पर गंगा यात्रा का स्वागत किया गया। इसमें शामिल होने आये संतों ने हर-हर मोदी-घर-घर मोदी व हर-हर गंगे के नारे लगाए। इस दौरान राम किशोर सारस्वत व प्रधान जमील अहमद मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Ganga yatra grand welcome in Farrukhabad up
गंगा आरती - फोटो : अमर उजाला
शामिल नहीं हो सके सदर विधायक 
गुरुवार को हुए गंगा पूजन में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी शामिल नहीं हो सके। उन्होंने बताया बेटी की सगाई में वह लखनऊ में हैं। इसलिए वह गंगा पूजन के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। रात को गंगा यात्रा में वह शामिल रहे। 

शव यात्रा आने पर बंद कराया बैंड 
पांचालघाट से गंगा यात्रा कैंट रोड पर मुड़ी। गंगा यात्रा के आगे बैंड बज रहा था। इसी बीच श्मशानघाट जाने के लिए वहां से शव यात्रा गुजरी। यह देख मंत्री सुरेश राणा व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने माइक से एनाउंस कर बैंड बंद करा दिया। उन्होंने शव यात्रा को नमन भी किया। इसके बाद गंगायात्रा आगे बढ़ी। 

फतेहगढ़ में बनाई गई मानव श्रंखला 
पांचालघाट से पूजन के बाद गंगा यात्रा कमालगंज के लिए प्रस्थान की। कैंट से होकर गुजरी गंगा यात्रा के स्वागत में फतेहगढ़ चौराहे से कोतवाली तक बेसिक व माध्यमिक स्कूल के शिक्षक व बच्चों ने मानव श्रंखला बनाई। इसके आगे नवदिया में दो स्कूल के बच्चों ने मानव श्रंखला का रूप दिया। जिला जेल चौराहे से कुटरा गांव तक मानव श्रंखला बनाकर गंगा यात्रा का स्वागत किया गया। 
विज्ञापन
Ganga yatra grand welcome in Farrukhabad up
यात्रा के दौरान रोका गया ट्रैफिक - फोटो : अमर उजाला
नहीं हो सका गंगा जनसभा का आयोजन 
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गंगा यात्रा को जनपद में बुधवार शाम 4.30 बजे प्रवेश करना था। 5.55 बजे पांचालघाट स्थित पंडाल में गंगा जनसभा होनी थी। पांच घंटे देरी से गंगा यात्रा करीब 11 बजे मेला रामनगरिया में प्रवेश कर सकी। इससे गंगा जनसभा का कार्यक्रम निरस्त हो गया। 

नहीं हुआ प्रसाद वितरण 
शाम 6.45 बजे गंगा आरती होनी थी, जो करीब 11.30 बजे शुरू हो सकी। करीब 12 बजे तक आरती का समापन होने से प्रसाद वितरण भी नहीं किया जा सका। आरती के बाद गंगा यात्रा नारायण आश्रम के लिए प्रस्थान कर गई। 

डिप्टी सीएमओ का कार्यक्रम निरस्त 
पांचालघाट पर गुरुवार को गंगा पूजन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आने का कार्यक्रम था। पहले कार्यक्रम में दो घंटे का बदलाव हुआ। सुबह कार्यक्रम निरस्त हो गया। इससे प्रशासन की तैयारियां धरी रह गईं। 

वाहन रोके जाने से लगा जाम 
पांचाल घाट से गंगा यात्रा प्रस्थान से पूर्व इटवा-बरेली हाईवे व शहर से पांचालघाट जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया। इससे काफी लंबा जाम लग गया। यात्रा कैंट की ओर पहुंचने के बाद वाहन पास कराए गए। इस बीच करीब 40 मिनट तक वाहन जाम में फंसे रहे।


गंगा एक्सप्रेस-वे से निराश नहीं होगा फर्रुखाबाद: राणा

गंगा यात्रा के बाद गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री सुरेश राणा पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गंगा स्वच्छता के लिए गंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। मां गंगा को अविरल व निर्मल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योग आदित्यनाथ भगीरथ का काम कर रहे हैं। इसमें सभी वर्गों के लाखों लोगों गंगा सहयोग जुड़ा है।  जनपद में जब गंगा एक्सप्रेस वे नहीं तो गंगा यात्रा क्यों, के सवाल पर उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे से फर्रुखाबाद को निराश नहीं किया जाएगा।

गंगा स्वच्छता के लिए तटवर्ती गांव के लोगों को उर्वरक न इस्तेमाल कर जैविक खेती कर सहयोग मांगा गया है। इसके साथ ही उनकी उन्नति के लिए सरकार बागवानी के लिए फलदार मुफ्त पौधे उपलब्ध करा रही है। नर्सरी में 50 फीसदी अनुदान दिया जा रहा। गंगा में नाले गिरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसे भी गंभीरता से लेकर एसटीपी लगवाने का काम किया जा रहा है। जहां स्वीकृत हैं, वहां शीघ्र ही निर्माण शुरू होगा।
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed