फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

मेधावी छात्र सम्मान समारोह: मेहनत से जो अपना मुकाम बनाते हैं, वही दुनिया में अलग पहचान बनाते हैं...

Thu, 10 Sep 2020 01:03 AM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: शिखा पांडेय Updated Thu, 10 Sep 2020 01:03 AM IST
विज्ञापन
Amar Ujala: High School and Intermediate Topper Students Honored
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधावियों का हुआ सम्मान - फोटो : अमर उजाला
मेधावियों की प्रतिभा सहारा, सम्मानित किया


चित्रकूट जिले में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में अमर उजाला की ओर से सम्मानित किया गया। जिसमें मेधावियों को मेेडल, अमर उजाला ईयरबुक व प्रमाणपत्र दिया गया। मेधावियों ने मेहनत से अपने लक्ष्य को पाने का संकल्प दोहराया। अतिथियों ने कहा कि मेहनत से मेधावी अपनी अलग पहचान बनाते हैं। उनके लिए दुनिया में कुछ भी नामुमकिन नहीं है।

 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि मेहनत के साथ पढ़ाई करें ताकि अपने मुकाम तक पहुंच जाए। कहाकि अखबार व किताबों में प्रमाणिकता के आधार पर बातें लिखी रहती है इनको जरूर पढे़ं। विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने कहा कि मेधावी छात्र लक्ष्य बनाकर कार्य करें। माता-पिता के सपनों को साकार करें। विशिष्ट अतिथि सीडीओ अमित आसेरी ने कहा कि मेहनत से ही छात्र मुकाम हासिल करें।

जिला विद्यालय निरीक्षक बलिराज राम ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सफलता में शिक्षक व अभिभावकों की बड़ी जिम्मेदारी होती है। अमर उजाला ईयर बुक विद्वानों द्वारा तैयार की गई है। इसका उपयोग जरूर करें। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ला ने किया। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य डा. डीके झा, ज्ञान भारती इंटर कालेज के प्रधानाचार्य छोटेलाल सिंह, नवोदय विद्यालय मानिकपुर के प्राचार्य डा. डी के झा, सांसद के प्रतिनिधि शक्तिप्रताप सिंह, व्यापार मंडल के मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, राजकुमार त्रिपाठी, शिक्षक सुरेश प्रसाद, विजय प्रसाद, प्रदीप पांडेय, महेश, गुप्ता, सत्येंद्र  सिंह, राधेश्याम, शंकर यादव, धीरेंद्र मिश्र, राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे। अमर उजाला टीम की ओर से सभी अतिथियों, छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों व कर्मचारियों का आभार जताया गया। 

मेधावियों ने दिखाई सिविल में रुचि
सम्मानित हुए मेधावी छात्र-छात्राओं ने खुशी जताते हुए कहा कि नियमित पढ़ाई करना जरूरी है। हर विषय मन लगाकर पढ़ना चाहिए। शिक्षकों व अभिभावकों  से जानकारी लेते रहना चाहिए। पढ़ाई में स्वास्थ्य शरीर का विशेष ध्यान रखें। आज का काम कल पर न टाले, टाइम टेबल बनाकर पढे़ं। कार्यक्रम के दौरान सांसद, डीएम व सीडीओ ने मेधावियों से पूछा कि आगे चलकर वह क्या बनना चाहते हैं तो कई ने आईएएस, आईपीएस, आईईएस बनने की बात कही। एक छात्र ने कहा कि वह सांसद बनना चाहता है। दो ने कहा वह डाक्टर बनना चाहते हैं।

सम्मानित किए गए मेधावी छात्र-छात्राएं 
इंटरमीडिएट 

1- रवि कुशवाहा ज्ञान भारती इंटर कॉलेज, कर्वी 
2- नितेश शुक्ला जीडीएनडीएस इंटर कालेज, कर्वी 
2- स्मिता सिंह ज्ञान भारतीय इंटर कालेज 
3- सुमित कुमार बीबीएसवीएम इंटर कॉलेज, कर्वी 
हाईस्कूल 
1- आकांक्षा -ज्ञान भारतीय इंटर कालेज 
2- जगदीश-  ज्ञान भारतीय इंटर कालेज 
3- रोहित सिंह - ज्ञान भारतीय इंटर कालेज  

अन्य मेधावी भी सम्मानित हुए
 जिसमें शालिनी, कौशल सिंह, आंचल सिंह, राजनीश कुमार, अजय कुमार, अजीत रिछारिया, रफी मोहम्मद, कंचन सिंह, निहारिया मिश्रा, प्रतिभा देवी, अर्पिता, गुप्ता, श्रुति कीर्ति देवी, अंशुमान सिंह, आयुष कुमार, प्रियांशी गुप्ता, अजय कुमार, आनंद कुमार, अमन सोनकर, स्नेहा श्रीवास्तव, संध्या देवी शामिल हैं।


 
Amar Ujala: High School and Intermediate Topper Students Honored
अमर उजाला ने किया यूपी बोर्ड परीक्षा के छह मेधावियों का सम्मान - फोटो : अमर उजाला
मेधावियों को पहनाया मेडल, दिए प्रशस्तिपत्र 

कन्नौज जिले में अमर उजाला ने यूपी बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले छह मेधावियों का बुधवार को सम्मान किया। कलक्ट्रेट सभागार में हुए सम्मान समारोह में कोविड नियमों का पालन करते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने इन मेधावियों को मेडल पहनाकर ईयरबुक और प्रशस्तिपत्र दिए। छात्र सुशील के प्रयागराज में होने के कारण उसका सम्मान किसान पिता रामनाथ राजपूत ने लिया।

जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने मेधावियों कहा कि ईमानदारी से किया गया परिश्रम ही सफलता के द्वार खोलता है। हो सकता है कि हम शत प्रतिशत सफलता न पा सकें लेकिन लगन व ईमानदारी से मेहनत कर 85 से 90 प्रतिशत सफलता तो मिलेगी ही। जिलाधिकारी ने कहा कि हाईस्कूल और इंटर का समय जिंदगी में चौराहे के समान है।

यहां दाएं-बाएं से सफल होने का प्रयास किया या शार्टकट सोच से अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू के प्रतिनिधि प्रधानाचार्य शिव मोहन कुशवाहा ने अमर उजाला के सामाजिक सरोकारों के बारे में जानकारी दी गई। एसएन कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य मेजर एनसी टंडन ने कहा कि शिक्षा हर क्षण, हर जगह पर हमें कुछ न कुछ सिखाती है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तिर्वा के प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्र भी मौजूद रहे। 

इन मेधावियों का हुआ सम्मान
इंटरमीडिएट

1. सुशील राजपूत, प्रतिशत 90.80, महेंद्र नीलम जेआईसी तिर्वा।  
2. रिषभ कुमार यादव, प्रतिशत 88, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तिर्वा
3 अंशी, प्रतिशत 87.60, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तिर्वा
हाईस्कूल
1 चंदन कुमार,  प्रतिशत 92.17, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तिर्वा
2 अभिषेक कुमार, प्रतिशत 91.67,सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तिर्वा
3 आशीष कुमार, प्रतिशत 91.33,  सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तिर्वा

 
Amar Ujala: High School and Intermediate Topper Students Honored
मेधावी सम्मान समारोह  - फोटो : अमर उजाला
सफलता का कोई शार्टकट नहीं, मेहनत ही कुंजी

हमीरपुर जिले में मुख्यालय के राजकीय बालिका इंटर कालेज में बुधवार को अमर उजाला की ओर से यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह हुआ। जिसमें छात्रों को मेडल, प्रमाणपत्र व इयर बुक भेंट की गई। विधायक युवराज सिंह की ओर से सभी छात्रों को एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंटकर उनका हौसला बढ़ाया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।

शहर के जीजीआईसी में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में सदर विधायक युवराज सिंह, डीएम डा. ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व एसपी श्लोक कुमार अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके सदर विधायक ने कहा सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता है। सफलता के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहें, जब तक सफलता प्राप्त न हो जाए। विधायक ने मेधावियों को अपनी ओर से एक-एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी।

डीएम ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा बिना मेहनत के मिली खुशी लंबे समय तक नहीं रहती है। उन्होंने अमर उजाला के ऐसे आयोजनों की सराहना की। एसपी ने कहा हर छात्र को जीवन में एक लक्ष्य बनाकर चलना चाहिए। उसके लिए लगातार कड़ी मेहनत करें और लक्ष्य हासिल होने तक बिना थके उसकी ओर बढ़ते रहें। मेहनत का फल एक दिन अवश्य मिलता है। अतिथियों ने मेधावी छात्रों को मेडल, पुस्तक व प्रमाणपत्र दिया।

सम्मान पाकर सभी छात्रों के चेहरे खिल गए। छात्रों ने भविष्य में भी कड़ी मेहनत व लगन से पढ़ाई करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्या सरस्वती देवी, जीआईसी के प्रधानाचार्य प्रभारी डीआईओएस योगेश ज्ञानी, शिक्षक अखिलेश शुक्ला, देवेंद्र गांधी, विद्यालय स्टाफ व अमर उजाला स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डा. जीके द्विवेदी ने किया। 

इन छात्रों का हुआ सम्मान
हाईस्कूल में जिले में टॉप करने वाले छात्र
उपेंद्र सिंह, 93.67 प्रतिशत, सेंट पॉल्स इंटर कालेज मौदहा 
सृष्टि, 91.50 प्रतिशत, चित्रगुप्त इंटर कालेज राठ
हार्दिक आनंद, 91.33 प्रतिशत, आदर्श इंटर कालेज मौदहा
सुभाषिनी गुप्ता, 91.33 प्रतिशत, पीएम इंटर कालेज इचौली मौदहा

इंटरमीडिएट में जिले में टॉप करने वाले छात्र 
सत्येंद्र कुमार, 89.00 प्रतिशत, नेशनल इंटर कालेज मौदहा
रामशंकर सिंह, 87.00 प्रतिशत, मां गीता महेश्वरी इंटर कालेज भरुआसुमेरपुर
सूरज कुमार, 86.70 प्रतिशत, नेशनल इंटर कालेज मौदहा
विज्ञापन
विज्ञापन
Amar Ujala: High School and Intermediate Topper Students Honored
 मेधावियों का किया गया सम्मान  - फोटो : अमर उजाला
मेहनत करने वालों की मुठ्ठी में होती है कामयाबी

जालौन जिले में हर साल की तरह इस साल भी अमर उजाला की ओर से यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर के मेधावियों को सम्मानित किया गया। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर और जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने हाईस्कूल और इंटर की टाप थ्री श्रेणी में शामिल मेधावियों को अमर उजाला की ओर से मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुस्तक प्रदान करते हुए सम्मानित किया। सम्मान पाकर मेधावियों के साथ उनके अभिभावकों के चेहरे भी खुशी से खिले नजर आए। समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का भी विशेष ध्यान रखा गया। 

बता दें कि सम्मान के लिए इंटर मीडिएट से सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज, माधौगढ़ के छात्र सुमित सिंह (87.40 प्रतिशत). हिमेंद्र दीक्षित (87 प्रतिशत) सरस्वती विद्या मंदिर उरई और एसआर इंटर कालेज उरई के छात्र शिवम कुमार (85.80 प्रतिशत) को चयनित किया गया। इसी तरह हाईस्कूल में आरएल पांडे गर्ल्स इंटर कालेज, उरई की छात्रा प्रियांशी श्रीवास्तव (92.17 प्रतिशत), वर्षा सिंह (91.17) और प्रतीक यादव (90.67) स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज, भिटारा को चयनित किया गया।

चयनित मेधावियों को डीएम ने मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किये। डीएम ने कहा कि इन मेधावियों ने साबित किया है कि मेहनत करने वालों से कामयाबी दूर नहीं रह सकती है। ईश्वर भी मेहनत करने वालों की ही मदद करता है, इसलिए पढ़ाई हो या जिंदगी की कोई भी कठिनाई परिश्रम करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। इसी कड़ी में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह भविष्य में इसी तरह कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते जाएं। इस मौके पर आरएल पांडे स्कूल के प्रबंधक दीपक पांडे, युद्धवीर कंथरिया आदि मौजूद रहे।   

बोले मेधावी व अभिभावक

पुरस्कार से बढ़ता है हौसला

छात्र सुमित के मुताबिक अमर उजाला का प्रयास मेधावियों को उत्साहित करता है कि वह आगे और मेहनत करें, जिससे अपने जिले व परिजनों का नाम रोशन कर सके। इसमें कोई दोराय नहीं है कि पुरस्कार मेधावियों का हौसला बढ़ाता है। 

सफलता के बाद दूसरी बार मिली खुशी
छात्रा प्रियांशी का कहना है कि उसे जब अपना रिजल्ट पता चला था, उस वक्त की खुशी से अधिक खुशी अब डीएम के हाथ से मिले सम्मान को पाकर हुई है। वाकई अमर उजाला ने प्रतिभाओं को सही और भरपूर सम्मान देने का अवसर प्रदान किया है। 

पुरस्कृत करना सराहनीय है
छात्र प्रतीक के पिता नागेंद्र यादव ने कहा कि अमर उजाला सिर्फ समाचार पत्र ही नहीं बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। चाहे वह छात्रवृत्ति परीक्षा हो या फिर मेधावी सम्मान समारोह, सभी प्रयास सराहनीय हैं। 

पूरे परिवार को मिली खुशी
छात्रा प्रियांशी की मां रीना का कहना है कि जब से पता लगा कि अमर उजाला की ओर से बेटी को सम्मानित किया जाना है, पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। बहुत अच्छा लगा अपने सामने बेटी को सम्मानित होते देख, बेटी का भी हौसला बढ़ा है।
विज्ञापन
Amar Ujala: High School and Intermediate Topper Students Honored
 मेधावी छात्र सम्मान समारोह - फोटो : अमर उजाला
मेडल पाकर मेधावियों के खिले चेहरे
महोबा जिले में अमर उजाला के तत्वावधान में बुधवार को शहर के राजकीय बालिका इंटर कालेज में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के टॉप तीन मेधावियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और बुकलेट देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। 

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर राजेश कुमार यादव और विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि अमर उजाला की यह सराहनीय पहल है। समय-समय पर सामाजिक व छात्रों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। ऐसे आयोजनों से मेधावियों का उत्साह बढ़ता है। दूसरे छात्र भी प्रेरित होते हैं।

उन्होंने छात्रों से बड़ा मुकाम हासिल कर माता-पिता व जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। डीआईओएस ने कहा कि जो छात्र सम्मान नहीं पाए हैं वो पाने के लिए प्रयास करें। समारोह में मुख्य अतिथि ने इंटरमीडिएट में 88 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप करने वाली सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज चरखारी की छात्रा हर्षिता सिंह, इसी विद्यालय की 87.80 फीसदी अंक लाकर दूसरा स्थान पाने वाली छात्रा रूबी व 87.60 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्रा पूजा राजपूत को मेडल, प्रशस्ति पत्र व बुकलेट देकर सम्मानित किया।

हाईस्कूल में 91 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉपर संत जेम्स इंटर कालेज चरखारी की छात्रा हर्षिता द्विवेदी, 89.83 फीसदी अंक लाकर दूसरे स्थान पर रहे सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज चरखारी के छात्र अजय कुमार व पटेल शिक्षण संस्थान की छात्रा राजुल पटैरिया को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जीजीआईसी की प्रधानाचार्या सरगम खरे, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, संजय मिश्रा, कैलाशनाथ गोस्वामी समेत छात्र-छात्राओं के अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 के नियमों का पालन किया गया।
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed