सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी अमन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। युवती की अमन से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई। तब से आरोपी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। युवती से 11 लाख रुपये व जेवर भी ठग लिए।
अमन ने दिया धोखा: फेसबुक पर दोस्ती प्यार में बदली, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध; शातिर ने युवती से 11 लाख और जेवर भी ठगे
दिसंबर 2020 में अमन युवती को एक होटल में ले गया। उसको शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसके बाद से अक्सर अमन युवती को बुलाता था। उसके साथ दुष्कर्म करता था। इसी दौरान आरोपी ने उससे कहा कि वह कोर्ट मैरिज करेगा। इसके खर्चे के लिए रुपये चाहिए। युवती ने अपने पिता के खाते से निकालकर उसे ढाई लाख रुपये दिए। बाद में अमन ने उसके खाते से भी नौ लाख रुपये निकलवा लिए। इसके बावजूद आरोपी युवती को शादी करने का आश्वासन देता रहा।
विगत 20 अप्रैल 2021 को अमन ने उससे दो तोला की सोने की चेन भी ले ली। जब उसने शादी करने को मना कर दिया, तब उसने थाने पहुंचकर अमन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने आरोप अमन को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ चल रही है।
जिला अस्पताल में वार्ड ब्वाय है आरोपी का पिता
ग्राम शिकरापुर निवासी आरोपी अमन पटेल का पिता बेचे सिंह जिला अस्पताल में वार्ड ब्वाय है। युवती का आरोप है कि वार्ड ब्वाय ने भी उस पर एफआईआर दर्ज न कराने का दबाव बनाया था। उसने अपने बेटे को समझाने की कोशिश नहीं की।
पहले से शादीशुदा भी था अमन, एक बच्ची का पिता है
युवती और अमन के बीच चल रहा है यह प्रेम प्रसंग का मामला करीब दो साल पुराना है। इसकी शुरुआत के दौरान अमन की शादी नहीं हुई थी। वह युवती से भी बात कर रहा था और उसने दूसरी लड़की से शादी भी कर ली। अब वह एक बच्ची का पिता भी है। करीब एक माह पहले युवती अपना घर छोड़कर उसके पास पहुंच गई थी। कुछ दिन युवती वहां रुकी लेकिन आरोपी ने उसे मारपीट कर भगा दिया।
सिविल लाइंस थाने में तहरीर के अनुसार एफआईआर दर्ज की गई है। इसकी विवेचना कराई जा रही है। इसमें जो सच्चाई सामने आएगी, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। -आलोक मिश्रा, सीओ सिटी