पति के साथ झगड़े के बाद अंजुम के सिर पर ऐसा जुनून सवार हुआ कि अपनी कोख से जन्म लेने वाले दोनों मासूमों का गला अपने ही दुपट्टे से घोटते समय उसके हाथ नहीं कांपे। गला घोटने के दौरान दोनों मासूम चीखे-चिल्लाए और तड़पे भी होंगे, लेकिन अंजुम का कलेजा नहीं पसीजा। उसने अपने ही हाथों से अपनी दुनिया उजाड़ ली। मामला यूपी के बागपत जनपद का है।
वारदात: मां के नहीं कांपे हाथ, दुपट्टे से घोंट दिया मासूम बच्चों का गला, खौफनाक मंजर देख अफसर भी हैरान
उमेर और अलशिफा बुधवार रात मां के आंचल में गहरी नींद में सो रहे थे। उन्हें जरा भी अहसास नहीं होगा कि यही आंचल उनकी मौत का फंदा बन जाएगा। बच्चों की हत्या करने के बाद अंजुम रात भर शवों के साथ कमरे में बैठी रही। इस खौफनाक वारदात को सुनने के बाद ज्यादातर लोगों को एकबारगी यकीन ही नहीं हुआ। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने इस कुकृत्य के लिए अंजुम को काफी भला-बुरा भी कहा। उससे बच्चों की हत्या करने की वजह पूछी, लेकिन वह बस रोती रही। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर साथ ले गई।
11 साल पहले हुई थी शादी
गुलाब कुरैशी की शादी करीब 11 साल पहले कोताना की रहने वाली अंजुम से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हुए। परिवार खुशहाल था। अचानक ही खुशियों को किसी की नजर लग गई। गुलाब के चार भाई दूसरे मोहल्लों में रहते हैं। माता-पिता भी अलग मकान में रहते हैं।
पुलिस से उलझा पिता
बच्चों की हत्या की खबर सुनकर जब गुलाब घर पहुंचा तो पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। इस बात को लेकर गुलाब पुलिस से उलझ गया। उसने अपने आने से पहले शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध जताया। पुलिस ने किसी तरह उसे शांत किया।
मायके वालों को भी हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलने पर अंजुम के परिजन भी थाने पहुंच गए। उन्होंने अंजुम को प्रताड़ित करने का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया। इस पर दोनों पक्षों के बीच थाने में गाली-गलौज होने लगी। मामला मारपीट तक पहुंचने ही वाला था कि पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। अंजुम के मायके पक्ष से भी कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। गुलाब के भाई हसीन ने अंजुम के खिलाफ हत्या की तहरीर दी।