प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारियों को तकरीबन अंतिम रूप दिया जा चुका है। परेड में शनिवार 29 फरवरी को साढ़े छब्बीस हजार से अधिक वृद्धजनों और दिव्यांगों को उपकरण दिए जाने हैं। इस वजह से यहां प्रधानमंत्री और उनकी सुरक्षा के लिए आने वाले हेलीकॉप्टरों के लिए कुल तीन हैलीपैड बनाए गए हैं। इस बीच बृहस्पतिवार 27 फरवरी से एसपीजी कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था खुद अपने जिम्मे ले लेगी। उधर कार्यक्रम स्थल पर सातों जर्मन हैंगर पंडाल भी बुधवार को लगा दिए गए।
पीएम मोदी के प्रयागराज आगमन पर तैयारी जोरों पर, आज से एसपीजी संभालेगी सुरक्षा व्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परेड ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर दिव्यांग एवं वृद्ध जनों को आयोजन स्थल तक लाने के लिए बसें शुक्रवार की दोपहर ही सभी ब्लॉकों के लिए रवाना हो जाएंगी। रात भर बसें ब्लॉक में रहेंगी। 29 की सुबह सवेरे बसें दिव्यांग और वृद्ध जनों को लेकर परेड ग्राउंड पहुंच जाएंगी। इस दौरान सुबह बसों में ही लाभार्थियों को नाश्ता आदि उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजन स्थल पर उन्हें दोपहर का भोजन दिया जाएगा। वापसी में बस में एक बार फिर से भी को नाश्ता दिया जाएगा। इस बीच आयोजन स्थल पर सैंड आर्ट कलाकृति का निर्माण शुक्रवार 28 फरवरी को होगा। इसके कलाकारों ने बुधवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया।
29 फरवरी को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जो दिव्यांग जन और वृद्ध अपने उपकरण घर तक नहीं ले जा पाएंगे, उनके उपकरण घर तक पहुंचाने की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है अगर दिव्यांग जन अपने घर तक उपकरण नहीं ले जा पा रहे हैं तो उसे पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारी रहेगी। इसके अलावा आयोजन स्थल पर सभी दिव्यांग एवं वृद्ध जनों को ब्लॉक वार बैठाया जाएगा। ताकि उपकरण वितरित आसानी से हो सके।
29 तक सभी अफसरों की ड्यूटी पीएम कार्यक्रम के लिए
जिला प्रशासन के सभी अफसरों की ड्यूटी अगले तीन दिन के लिए प्रधानमंत्री कार्यक्रम में लग गई है। इस कार्यक्रम के लिए किसी की दिव्यांग, वृद्ध जन को कार्यक्रम स्थल तक लाने की ड्यूटी है तो किसी को आयोजन स्थल पर लोगों को बैठाने की। खानपान से लेकर उपकरण आदि सौंपे जाने में भी जिला प्रशासन, एडीए, नगर निगम आदि विभागों के अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। सबसे ज्यादा अफसरों की ड्यूटी लाभार्थियों को उनके निवास से आयोजन स्थल तक लाये जाने में लगाई गई है।
पीएम के कार्यक्रम को लेकर 1500 से ज्यादा बसों को लगाया गया है। इन्हीं बसों से लाभार्थी परेड ग्राउंड में लाए जाएंगे। इस बीच रोडवेज ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सिर्फ अनुबंधित बसें ही लगाई जाएंगी। बाकी रूटीन बसों का संचालन होता रहेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने कहा कि इस संबंध में बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक होगी। बैठक में आगे का जो भी दिशा निर्देश मिलेगा, उसका पालन किया जाएगा।
कार्यक्रम में योगी सरकार के रहेंगे कई मंत्री
29 फरवरी को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सूबे की योगी सरकार के तमाम मंत्री शिरकत करेेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री प्रयागराज महेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ स्थानीय सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, केशरी देवी पटेल, विनोद सोनकर एवं सभी स्थानीय विधायक आदि भी शामिल होंगे।