इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र परिषद के खिलाफ बवाल, लाठीचार्ज, तोड़फोड़ और पथराव
बवाल में रुका नामांकन फार्म का वितरण
लाल पद्मधर भवन में मंगलवार को नामांकन फार्म का वितरण हो रहा था। इस बीच बवाल शुरू हो गया और नामांकन फार्म का वितरण रोक दिया गया। आपाधापी में भवन पर ताला लगा दिया गया और चुनाव से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी वहां से चले गए।
कला संकाय में आज शिक्षण कार्य स्थगित
इविवि के पीआरओ डॉ. चित्तरंजन कुमार सिंह के अनुसार 16 अक्तूबर को छात्र परिषद चुनाव के नामांकन के मद्देनजर कला संकाय में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। वाणिज्य, विधि और विज्ञान संकाय में पूर्ववत सभी कार्य होंगे। विश्वविद्यालय के सभी विभागों के अध्यक्ष बुधवार को अपने विभाग में रहेंगे ताकि उम्मीदवार अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकें।
आधे घंटे तक होता रहा उपद्रव, तांडव देख सहमे राहगीर
छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर शांति मार्च निकाल रहे छात्रनेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद विवि व बैंक रोड पर आधे घंटे तक जमकर उपद्रव हुआ। पुलिस ने खदेड़ा तो पथराव करते हुए उपद्रवी विवि रोड पर आ गए। जिसके बाद राहगीरों में भगदड़ मच गई। उधर, उपद्रवियों ने विवि और फिर बैंक रोड पर पहुंचकर सड़क किनारे खड़े दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
हिरासत में लेते ही भड़के छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यूनियन हॉल पर हंगामा कर रहे छात्रनेताओं को जैसे ही हिरासत में लिया गया, छात्रों की भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियाें ने पथराव कर दिया। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठियां भांजी तो वह और उग्र हो उठे और पथराव करते हुए विवि रोड पर आ गए। चौतरफा पत्थरों की बरसात होते देख राहगीर सकते में आ गए और वहां भगदड़ मच गई। उधर, विवि मार्ग से हॉलैंड हॉल की ओर बढ़ी उपद्रवियों की भीड़ ने सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सीओ कर्नलगंज के वाहन को भी पत्थर बरसाकर क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को पीछे आते देख उपद्रवी बैंक रोड पर आ गए। कुछ उपद्रवियों ने केपीयूसी के सामने स्थित विवि गेट पर भी पत्थर फेंके, जिस पर सुरक्षाकर्मी पीछे हट गए। इसके बाद लाइब्रेरी गेट के पास पहुंचकर उपद्रवियों ने मारपीट शुरू की, जिसे देख सड़क पटरी पर स्थित दुकानों को छोड़कर दुकानदार भाग खड़े हुए।
केपीयूसी के रास्ते को किया जाम
कुछ उपद्रवियों ने पुलिस चौकी के पास पहुंचकर लल्ला चुंगी से केपीयूसी की ओर जाने वाले रास्ते को जाम कर दिया। साथ ही राहगीरों पर भी पत्थर बरसाने लगे। हालात यह हुए कि जान खतरे में देख वाहनसवारों को पीछे मुड़कर उसी रास्ते पर उल्टे भागना पड़ा। यहां भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने राहगीरों से भी मारपीट की। इसी दौरान एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचे और उपद्रवियों को खदेड़ा तब जाकर हालात कुछ सामान्य हुए। हालांकि भागते वक्त भी उपद्रवी पत्थर बरसाते रहे और सड़क किनारे सहमे खड़े लोगों से गालीगलौच भी की।