विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट पर सबसे ज्यादा गहमा गहमी रही। दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, जनसत्तादल, आम आदमी पार्टी के अलावा छोटे राजनैतिक दलों के भी प्रत्याशी शामिल रहे।
प्रयागराज : किसी के पास करोड़ों की संपत्ति तो किसी के ऊपर कई मुकदमें, जानें प्रत्याशियों की हैसियत
जुलूस और नारेबाजी के साथ प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। सोमवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के अलावा भाजपा के विधायक प्रवीण सिंह पटेल, प्रवीण पटेल, नीलम करवरिया, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, कांग्रेस से अनुग्रह नारायण सिंह, सपा से अंसार अहमद, बसपा से देवेंद्र मिश्र नगरहा आदि ने पर्चा दाखिल किया।
नंदी से दो गुनी संपत्ति उनकी पत्नी अभिलाषा के पास
शहर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी एवं कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी से दो गुनी संपत्ति उनकी पत्नी एवं प्रयागराज की मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी के पास है। सोमवार को दाखिल शपथपत्र में नंदी ने अपने पास 5.62 करोड़ की चल एवं 7.27 करोड़ की अचल संपत्ति दर्शाई है। उनकी पत्नी के पास 9.06 करोड़ रुपये की चल एवं 15.30 करोड़ की अचल संपत्ति है।
चल और अचल संपत्ति को जोड़ लिया जाए तो नंदी के पास 12.89 करोड़ और मेयर के पास 24.36 करोड़ की संपत्ति है। नंदी के पास 940 ग्राम सोने के जेवरात हैं। इसकी कीमत 40 लाख रुपये एवं अभिलाषा के पास 1550 ग्राम सोने के जेवरात हैं। इसकी कीमत 65 लाख रुपये हैं, एवं चार लाख की चांदी एवं उसके बर्तन भी उनके पास हैं।
शपथपत्र में नंदी के पास 69 लाख की बीएमडब्ल्यू कार, 25 लाख की पसाट कार, और 23 लाख की महिंद्रा रेक्सटॉन रक्स और पत्नी के पास दो टीवीएस मोटर साइकिल, 15 लाख की फोर्ड इनवेडर कार है। नंदी के पास एक राइफल और पिस्टल हैं। इन दोनों की कीमत तीन लाख रुपये एवं पत्नी के पास भी इसी कीमत की राइफल और पिस्टल है।
नंदी के ऊपर वर्ष 2014 तक नैनी थाने में तीन, मुट्ठीगंज में दो और कोतवाली एवं सिविल लाइंस थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज है। नंदी के पास 1.94 लाख और अभिलाषा के पास 2.25 लाख रुपये नकद है। उनके ऊपर 81.29 लाख और पत्नी के ऊपर 426.99 लाख रुपये की देनदारी है।
निषाद पार्टी से घोषित पीयूष रंजन ने हलफनामे में खुद को बताया भाजपा प्रत्याशी
निषाद पार्टी से करछना विधानसभा सीट से प्रत्याशी पीयूष रंजन निषाद को भाजपा ने अपना सिंबल दिया है। सोमवार को हुए नामांकन में पीयूष ने अपने हलफनामे में खुद को भाजपा प्रत्याशी बताया है।
हलफनामे में पीयूष ने अपनी चल संपत्ति 1.26 करोड़ और पत्नी शकुंतला निषाद की चल संपत्ति 18.38 लाख रुपये बताई है। जबकि अचल संपत्ति पति-पत्नी के पास क्रमश: 7.09 करोड़ और 1.20 करोड़ रुपये की है। पीयूष महंगी गाड़ियों के शौकीन भी हैं। उनके पास एक फॉर्च्यूनर, इनोवा एवं इंडिका एवं पत्नी के पास मारुति स्विफ्ट कार है।
खुद के पास ढाई लाख नकदी एवं पत्नी के पास उन्होंने 20 हजार रुपये नकदी बताई है। पीयूष ने हलफनामे में बताया है कि उनके पास डेढ़ लाख की पिस्टल है। साथ ही उनपर सिविल लाइंस और औद्योगिक थाना क्षेत्र में दो मुकदमे दर्ज हैं। पीडी टंडन रोड निवासी पीयूष ने अपनी आय का स्रोत्र व्यवसाय बताया है।
वह एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर और एक एसोसिएट्स के प्रोपराइटर भी हैं। अपने पास दो सोने की चेन जिसकी कीमत दो लाख रुपये और पत्नी के पास 8.82 लाख रुपये के गहने उन्होंने हलफनामे में दर्शाए हैं।
पति उदयभान से ज्यादा है नीलम करवरिया की संपत्ति
दूसरी बार विधायक का चुनाव लड़ने जा रहीं मेजा से भाजपा प्रत्याशी नीलम करवरिया के पास अपने पति एवं पूर्व विधायक उदयभान से ज्यादा संपत्ति हैं। एमए समाजशास्त्र में परास्नातक नीलम करवरिया के पास 2.77 करोड़ की चल एवं 8.28 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनके पति उदयभान के पास 62 लाख रुपये की चल एवं 1.34 करोड़ की अचल संपत्ति है।
नीलम के पास 71 हजार रुपये कीमत की एक पिस्टल एवं पति उदयभान के पास एक पिस्टल और रायफल है। इसकी क्रमश: कीमत डेढ़ लाख एवं 65 हजार रुपये उन्होंने अपने हलफनामे में दशाई है। नीलम ने अपनी आय का स्रोत कृषि, समाजसेवी एवं विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन बताया है। उनके पास सेंट्रो कार, डस्टर, फार्च्यूनर, फोर्स मोटर ट्रैवेलर वाहन है।
सिविल लाइंस स्थित वशिष्ठ विनायक टावर में एक फ्लैट, नई दिल्ली में फ्लैट, लखनऊ के गोमतीनगर में फ्लैट एवं कल्याणी देवी में भवन उनके पास है। पति के नाम मालवीय नगर, कल्याणी देवी में मकान, गाजियाबाद में भूखंड आदि है। उनके 40 लाख से अधिक कीमत के गहने हैं और वह 36 लाख की कर्जदार भी हैं।
प्रवीण पटेल और उनकी पत्नी हैं कुल 19 बैंक खाते
प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल और उनकी पत्नी गोल्डी पटेल के कुल 19 बैंक खाते हैं। प्रवीन के पास 5.67 लाख और पत्नी के पास 5.40 लाख रुपये नकद हैं। सोमवार को दिए गए हलफनामे में 43 वर्षीय प्रवीण पटेल ने बताया है कि उनके पास एक टोयोटा फार्च्यूनर, एक सुजुकी बाइक, एक महेंद्रा स्कार्पियो और पत्नी के पास एक टोयोटा फार्च्यूनर, होंडा सिविक कार एवं टैंकर है।
प्रवीन की चल संपत्ति 1.14 करोड़ एवं पत्नी की 3.72 करोड़ रुपये है। वहीं अचल संपत्ति 27.36 करोड़ और पत्नी के पास 7.84 करोड़ है। प्रवीण के पास डेढ़ लाख रुपये की रिवाल्वर भी है।
पत्नी के नाम एक पेट्रोल और सीएनजी स्टेशन है। प्रवीण के नाम एक भी आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। अंदावा निवासी प्रवीण ने अपने हलफनामे में प्रवीण ने जीविकोपार्जन का जरिया कृषि, किरायेदारी और विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन दिखाया है।