माघ मेला लगने में एक सप्ताह से कम समय रह गया है, लेकिन तैयारियां अभी तक पूरी नहीं हो पाई हैँ। शनिवार को जब उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने माघ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया तो आधी-अधूरी तैयारियां देख उनका माथा ठनक गया। उन्होंने कल्पवासियों, साधु-संतों व भक्तों के शिविरों में प्रसाधन के अलावा बिजली, नल लगाने के कार्य अब तक पूरे न होने पर अफसरों को फटकार लगाई। डिप्टी सीएम ने अफसरों को आगाह किया कि संतों, कल्पवासियों को किसी भी तरह की असुविधा न होने पाए।
माघ मेले की अधूरी तैयारी देख भड़के केशव, अफसरों को लगाई फटकार
दोपहर बाद पहुंचे डिप्टी सीएम ने संगम नोज तक माघ मेला की तैयारियों का जायजा लिया। प्रभारी अधिकारी रजनीश मिश्र ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि समय से मेला के कार्यों को पूरा करा लिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पर दलदल है, उसे जल्द ठीक कराकर इस्तेमाल करने लायक बनाएं। इसके बाद डिप्टी सीएम ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण कार्यालय स्थित आईट्रिपलसी सभागार में माघ मेला की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की।
डिप्टी सीएम ने सेक्टरवाइज मेले की बसावट के बारे में पूछा। अफसरों ने बताया कि इस बार सेक्टर-तीन में खाक चौक को बसाया जा रहा है। इसमें सभी शंकराचार्यों को स्थान दिया जाएगा। डिप्टी सीएम ने पूछा कि कटान की वजह से जिन संस्थानों को निर्धारित स्थानों पर भूमि इस बार नहीं मिल पाई है, उनको इस बार कहां बसाया जा रहा है। इस बार कल्पवासियों के लिए क्या व्यवस्था की गई है? उन्हें किस सेक्टर में बसाया गया है? डिप्टी सीएम के इन सवालों पर अफसर खामोश रहे।
उन्होंने कि दलदल जमीनों के एवज में तीर्थ पुरोहितों व आध्यात्मिक संस्थाओं को दूसरी जगह भूमि आवंटित करें। उन्होंने10 जनवरी को पौष पूर्णिमा के प्रथम स्नान के पूर्व मेले में मूलभूत सुविधाओं की सारी व्यवस्था पूरी कर लेने की हिदायत दी। केशव ने कहा कि कल्पवासियों को घाटों के समीप ही बसाया जाये। समीक्षा बैठक में फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, डीएम भानुचंद्र गोस्वामी, एडीएम सिटी अशोक कुमार कन्नौजिया, प्रभारी मेलाधिकारी रजनीश मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कुंभ मेले की तरह संतों-भक्तों से पेश आए पुलिस
डिप्टी सीएम ने कहा कि कुंभ की तरह की माघ मेले को भी यादगार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि कुंभ की तरह ही इस बार भी उनका व्यवहार यात्रियों के प्रति सभ्य एवं शालीन होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिलाने के भी निर्देश भी दिए।
किसी को उजाड़ने से पहले बसाने की पहल करें
प्रयागराज। डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों के साथ है। ऐसे लोगों को जीवन-यापन के लिए किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसका सरकारी अमले को ध्यान रखना चाहिए। माघ मेले में कुछ छोटे दुकानदारों की दुकानों को उजाड़ने की शिकायत पर उन्होंने अधिकारियों को कहा कि किसी को उजाड़ने से पहले उनके लिए कोई दूसरी जगह की व्यवस्था करें।
माघ मेले में सफाई पर खास जोर
प्रयागराज। डिप्टी सीएम ने शौचालयों की संख्या के बारे में जानकारी ली। साथ ही चेताया कि किसी भी हाल में कोई भी कल्पवासी खुले में शौच न करे, इसके लिए पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ की भांति ही इस बार भी सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।