मथुरा हादसा: हाथों की मेहंदी भी छूट नहीं पाई और काल के गाल में समा गए नवदंपती, उजड़ गईं एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां
हरदोई के थाना संडीला के गांव सुंदरपुर निवासी लल्लूराम बेटों के संग नोएडा के सदरपुर में मजदूरी करके परिवार को पाल रहे थे। 29 अप्रैल को लल्लूराम के चौथे नंबर के बेटे राजेश की शादी थी। 28 अप्रैल को पूरा परिवार गांव सुंदरपुर पहुंच गया। यहां पर खुशी-खुशी राजेश की शादी हुई। हर कोई काफी खुश नजर आ रहा था। नवदंपती भी काफी खुश थे और नोएडा में जाकर नए-नए सपने संजो रहे थे, लेकिन लल्लूराम की नातिन मोहिनी की 2 मई को शादी होनी थी। इसके चलते वह गांव में परिवार के संग ही रुक गए। दो मई को नातिन की शादी में नवदंपती शामिल हुआ और परिवार ने भी खूब खुशियां मनाई। हर कोई परिवार में दो शादियां होने से खुश नजर आ रहा था।
शुक्रवार की रात 9:30 बजे लल्लूराम गांव से परिवार के संग कार से नोएडा के लिए निकले, जबकि लल्लूराम के सबसे बड़े बेटे रामबाबू परिवार के संग बस से पहले ही निकले गए। लल्लूराम दोनों बेटों, पत्नी और नातियों के संग शनिवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहे थे तो हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में एक बेटा और नाती को छोड़ दिया जाए तो सभी काल के गाल में समा गए। दर्दनाक हादसे की खबर पर बड़ा बेटा और परिवार के लोग सुंदरपुर से मथुरा पहुंच गए। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था तो पुरुषों की आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिवार में दो शादियों की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
सड़क हादसे की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार में सवार घायल और मृतक बुरी तरह फंसे हुए थे। हादसे के बाद वहां मौजूद ग्रामीण पुलिस बल के साथ राहत कार्य में जुट गए। यमुना एक्सप्रेसवे का राहत दल भी मौके पर पहुंच गया। कटर से काटकर सभी को बाहर निकाला गया। हादसे के चलते काफी देर तक यातायात बाधित रहा। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
पुलिस ने बताया कि सुबह एक वाहन चालक ने डायल-112 को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को क्षतिग्रस्त कार से निकाला। टक्कर में कार का अगला हिस्सा पिचक गया था। ऐसे में कटर से कार को काटकर शव व घायलों को निकाला गया। इस मशक्कत में काफी देर तक घायल कार में ही फंसे रहे। पुलिस सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को एक्सप्रेसवे से हटवाया।