मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में घायल हुए श्रीगोपाल की हालत नाजुक बनी हुई है, तीन साल के कृष की हालत भी स्थिर है। चाचा और भतीजे का इलाज ग्रेटर नोएडा के शारदा हॉस्पिटल में चल रहा है। इलाज करा रहे श्रीगोपाल के बड़े भाई रामबाबू ने रोते हुए बताया कि पैसे खत्म हो गए हैं, कैसे भाई और भतीजे का इलाज कराएं। प्रशासन की तरफ से कोई भी मदद नहीं मिल रही है। वह हॉस्पिटल से छुट्टी दिलाने की बात भी कह रहे हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे पर 7 मई की सुबह थाना नौहझील के माइल स्टोन 68 के गांव नौशेरपुर पर किसी वाहन में पीछे से घुसी वैगनआर कार सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी। यह सभी हरदोई के संडीला थाना के गांव सुंदरपुर से नोएडा लौट रहे थे। इस हादसे में श्रीगोपाल और उनका तीन साल का भतीजा कृष भी घायल हुआ था।
2 of 6
सड़क हादसे में घायलों के रिश्तेदार
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने जिला अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया था। हालत में सुधार न होने पर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया था। शनिवार देर रात दोनों को ग्रेटर नोएडा के शारदा हॉस्पिटल ले जाकर भर्ती कराया गया। यहां छोटे भाई और भतीजे की देखभाल कर रहे रामबाबू ने बातचीत में रोते हुए बताया कि पैसे खत्म हो गए हैं, तो कैसे इलाज कराएं। शासन कोई मदद नहीं कर रहा है तो प्रशासन से उम्मीद क्या करें। रामबाबू कहते हैं कि पूरा परिवार तो सड़क हादसे में खत्म हो चुका है, वह इन दोनों को बचाना चाहते हैं, पर बिना पैसे के इलाज संभव नहीं है। उनके पास पैसे का अभाव है। अगर कोई मदद मिले तो उनके छोटे भाई और भतीजे का इलाज हो जाए।
3 of 6
म़तक लल्लूराम का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
सीएम योगी के ट्वीट के बाद भी नहीं मिला उचित इलाज
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत और दो घायल होने पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके हादसे पर दुख प्रकट किया था और घायलों को उचित इलाज देने की बात भी कही थी। मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद भी मथुरा जिला प्रशासन के किसी अधिकारी ने उन्हें उचित इलाज दिलाना तो दूर, उनका हालचाल पूछने की जहमत तक नहीं उठाई। जिंदगी और मौत से जूझ रहे चाचा-भतीजे की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। अगर उचित इलाज मिल जाए तो दोनों की जिंदगी बच सकती है।
4 of 6
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार हटवाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
श्रीगोपाल की टांग में फ्रेक्चर, कमर और रीढ़ की हड्डी में चोट
श्रीगोपाल की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि कृष की हालत स्थिर है। परिवार के अवेश गौतम ने बताया कि श्रीगोपाल की टांग में फ्रेक्चर, कमर और रीढ़ की हड्डी में चोट है। इसके चलते उसकी हालत में सुधार नहीं हो पा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर इन दोनों को कोई भी मदद तक नहीं मिल पा रही है, जिससे की उचित इलाज मिलने से यह सही होकर अपने घर आ सकें।
5 of 6
हादसे में क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा, खंगाले सीसीटीवी
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत और दो घायलों के मामले में लल्लूराम के बेटे राजू ने थाना नौहझील में अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। नौहझील पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। मांट टोल प्लाजा पर नौहझील पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, जिसमें कि कोई वाहन पीछे से क्षतिग्रस्त हुआ है। अगर ऐसा है तो उसके नंबर के आधार पर पुलिस ऐसे वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करेगी।