मथुरा में लॉकडाउन के बीच गुरुवार को बाजार खुलने पर होलीगेट से दरेसी रोड तक एक किलीमीटर के क्षेत्र में उमड़ी भीड़ ने प्रशासन के दावों की हवा निकाल दी। हजारों लोग और सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। इस दौरान लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ गईं। सामाजिक दूरी का पालन तो दूर, लोग मास्क पहनकर भी घर से नहीं निकले। जिस मार्ग पर जाम लगा, वो शहर के उस हॉटस्पॉट क्षेत्र से लगा है, जहां सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
2 of 5
दरेसी रोड पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
जिस क्षेत्र में एक-एक व्यक्ति के जाने और आने का रिकॉर्ड रखा जा रहा था, गुरुवार को इसके विपरीत स्थिति बन गई। प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों की लापरवाही के चलते होलीगेट पर चौतरफा जाम लग गया। जो एक बार जाम में फंसा वो कई घंटे तक सैकड़ों लोगों के बीच रहा। इस दौरान न तो सोशल डिस्टेंसिंग थी और न ही लॉकडाउन की अन्य गाइडलाइन का अनुपालन।
3 of 5
अधिकारी दिखे लाचार
- फोटो : अमर उजाला
सुबह से ही होलीगेट क्षेत्र में कार से लेकर मोटरसाइकिल और स्कूटी का प्रवेश शुरू हो गया। देखते-देखते 10 बजे तक होलीगेट चौराहे से भरतपुर गेट, डीग गेट, आर्य समाज रोड पर वाहन फंस गए। इसकी जानकारी जाम में फंसे कई लोगों ने पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, सीओ सिटी आलोक दुबे, कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह तथा नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल ने टीम के साथ जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। अधिकारियों की गाड़ियां भी जाम में फंस गई।
4 of 5
कोसीकलां में उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बाजार खुलते ही पुलिस द्वारा होलीगेट तक वाहनों को रोकने के लिए जो बैरियर सिस्टम लागू किया गया था वो ध्वस्थ हो गया। जिसके कारण चौपहिया वाहन तक होलीगेट तक पहुंच गए। इन वाहनों के फंसने से ही जाम की समस्या पैदा हुई। आम आदमी जाम में फंसने के बाद यही कहता नजर आया कि ऐसे कैसे होगा कोरोना से बचाव। घाटी बहालराय निवासी हेमंत गोयल का कहना था कि इस प्रकार से कैसे जाम से मुक्ति मिलेगी।
5 of 5
बिना मास्क के दिखे लोग
- फोटो : अमर उजाला
सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह ने बताया कि होलीगेट क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाने पर विचार चल रहा है। जिस दिन यह बाजार खुलेगा, उस दिन इस क्षेत्र में कोई भी वाहन प्रवेश नहीं करेगा। जिससे हम कोरोना की गाइडलाइन का अनुपालन कर सकेंगे।