बर्फबारी के बाद मनाली में दो दिनों से मौसम शुष्क बना है। ऐसे में मनाली के स्नो प्वाइंट सोलंगनाला, नेहरूकुंड और फातरू में हजारों की संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। मनाली, सोलंगनाला और रोहतांग दर्रा में बर्फबारी को देख पर्यटकों ने यहां का रुख किया है। इससे मनाली के पर्यटन कारोबारियों में भी खुशी का माहौल है।
मनाली के निजी और पर्यटन निगम के होटल पैक चल रहे हैं। पर्यटक सोलंगनाला में स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्लैजिंग, स्नो स्कूटर का आनंद उठा रहे हैं। बर्फ से सफेद मनाली की पहाड़ियां पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही है।
मनाली के होटलियर वेदराम ठाकुर, प्रेम ठाकुर, शैलेंद्र शर्मा, राकेश शर्मा तथा निशू मल्होत्रा ने बताया कि इस वर्ष मनाली के साथ पूरे पवर्तीय इलाकों में नियमित रूप से बर्फबारी हो रही है। इससे पर्यटकों के साथ पर्यटन कारोबारी गदगद हैं। उन्होंने कहा कि नए साल से मनाली में पर्यटन कारोबार लगातार बढ़ रहा है।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के अनूप राम ठाकुर ने बताया कि मनाली और उसके सभी पर्यटन स्थल पूरी तरह से बर्फ से लकदक हैं। कहा कि पहला मौका है कि जब मनाली में सर्दियों में इतनी संख्या में सैलानी आ रहे हैं। उधर, हिमाचल पर्यटन निगम के उपमहाप्रबंधक अनिल तनेजा ने कहा कि पर्यटन विभाग के होटलों की आक्यूपेंसी अच्छी चल रही है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ मनाली के समर सीजन में भी मिलेगा।
पर्यटक जाम से हो रहे परेशान
मौसम खुलने के बाद मनाली के सोलंगनाला में सैलानियों का हुजूम उमड़ रहा है। पर्यटक सुबह ही बर्फ देखने के लिए मनाली से स्नो प्वाइंटों पर पहुंच रहे हैं। लेकिन सड़क पर बेतरतीब वाहनों की पार्किंग से सैलानियों को जाम से जूझना पड़ रहा है। कई पर्यटकों को एक से डेढ़ किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ रहा है।