पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के नेताओं पर जुबानी हमला बोला है। गुरुवार को हमीरपुर में जनसभा के दौरान वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस के आधा दर्जन विधायकों के सामने मंच से ही पूर्व कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को खरी-खरी सुना दी।
2 of 7
रामलाल ठाकुर की रैली
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि कुलदीप राठौर के अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जो गंदगी थी, वह साफ हो गई। इतना सुनकर सुक्खू और आनंद शर्मा मंच से चले गए। उन्होंने अपनी पार्टी के प्रत्याशी के बारे में कहा कि रामलाल ठाकुर के मिजाज को वह भांप नहीं पाए। वीरभद्र ने कहा कि रामलाल कब खुश होते हैं और कब नाराज, इसका पता ही नहीं चलता।
पूर्व मुख्यमंत्री के इस तल्ख बयान से कांग्रेस कमेटी के भीतर की कुछ समय से शांत बैठी ज्वाला इस चुनावी मौसम में फिर से फूट कर बाहर निकल आई है। पूर्व कांग्रेस कमेटी पर इस तंज कसते ही जनसभा में जहां एक तरफ खूब जोर-जोर से ठहाके लगे, वहीं पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के समर्थक भड़क उठे।
उन्होंने वीरभद्र सिंह के मंच पर संबोधन के दौरान ही हल्ला कर दिया। इस दौरान मंच पर बैठे पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंच से नीचे उतर कर गाड़ी में बैठ गए। जनसभा से पार्टी कार्यकर्ताओं के उठने से वीरभद्र नाराज दिखे।
पार्टी के कुछ नेताओं ने शोर डाला कि चॉपर आ गया। इस पर वीरभद्र ने कहा कि यह कौन मूर्ख है, जो बीच में ही हल्ला कर रहा है। अंत में वीरभद्र ने कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को दमदार प्रत्याशी बताते हुए उनकी जीत के लिए काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्रवाद में विश्वास नहीं करते। उनके लिए पूरा हिमाचल एक है।