प्रदेश सरकार ने इस जिले में जेबीटी की नियुक्तियां करने को हरी झंडी दे दी है। कार्मिक विभाग से शिक्षा विभाग की भर्ती प्रक्रिया को क्लीन चिट मिल गई है।
सामान्य श्रेणी के पद आरक्षित वर्ग से भरने के मामले में कार्मिक विभाग से स्पष्टीकरण मिलने पर अब बिलासपुर में नियुक्तियां देने का रास्ता साफ हो गया है। जेबीटी की बैचवाइज भर्ती को लेकर जिला बिलासपुर में संशय होने के चलते उपनिदेशक कार्यालय ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय से स्पष्टीकरण मांगते हुए नियुक्तियां रोक दी थी।
12 सितंबर को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सामान्य श्रेणी के कोटे में आरक्षित वर्ग को नौकरी देने के मामले पर कार्मिक विभाग से नियम स्पष्ट करने को पत्र भेजा था।
बीते दिनों कार्मिक विभाग ने शिक्षा विभाग को नियम स्पष्ट करते हुए नियुक्तियों के लिए बरती गई प्रक्रिया को सही बताया है। कार्मिक विभाग से स्थिति स्पष्ट होते ही प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने जिला उपनिदेशक को पत्र भेजकर नियुक्तियां करने की मंजूरी दे दी है।
बता दें कि जेबीटी की बैचवाइज भर्ती में आरक्षित वर्ग के व्यक्तियों को मेरिट में स्थान पाने पर सामान्य श्रेणी के व्यक्ति से ऊपर रखने को लेकर जिला बिलासपुर में भ्रम की स्थिति बन गई थी। एहतियातन जिले में बैचवाइज भर्ती पर की जा रही नियुक्तियां रोक दी गई थीं। अब मामला स्पष्ट होते ही संभावित है कि जल्द ही जिला में बैचवाइज नियुक्तियां हो जाएंगी।